Samachar Nama
×

उपराष्ट्रपति ने श्री विजया पुरम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ

उपराष्ट्रपति ने श्री विजया पुरम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ
उपराष्ट्रपति ने श्री विजया पुरम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ

श्री विजय पुरम, 9 अगस्त (आईएएनएस)। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दो दिवसीय दौरे पर आए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को श्री विजय पुरम के फ्लैग पॉइंट पर तिरंगा फहराया और 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत श्री विजय पुरम के फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह एक ऐतिहासिक स्थल है, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 30 दिसंबर 1943 को तिरंगा फहराया था और इस द्वीप समूह को ब्रिटिश शासन से मुक्त घोषित किया था।"

9 अगस्त को 'भारत छोड़ो दिवस' यानी 'अगस्त क्रांति दिवस' भी मनाया जाता है। यह दिन हर साल 1942 में शुरू हुए 'भारत छोड़ो आंदोलन' की याद में मनाया जाता है।

स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने पोस्ट में लिखा, "भारत छोड़ो आंदोलन दिवस पर, मैं उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने महात्मा गांधी के 'करो या मरो' के आह्वान से प्रेरित होकर आजादी की लड़ाई में देश को एकजुट किया। उनका साहस, बलिदान और देशभक्ति पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

बयान के अनुसार, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रविवार को बीआर अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम 'वंदे मातरम पर तिरंगा कॉन्सर्ट' में भी शामिल होंगे। दोपहर में, उपराष्ट्रपति ऐतिहासिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का दौरा करेंगे।

इससे पहले शनिवार को, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्री विजय पुरम में सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक का दौरा किया, जहां उन्होंने शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की, स्वतंत्रता ज्योति पर सम्मान व्यक्त किया और वीर सावरकर की कोठरी (सेल) देखी।

बाद में, उन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की गाथा और बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को दिखाने वाले लाइट एंड साउंड शो में भी भाग लिया।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story