Samachar Nama
×

बीटीसी प्रमुख मोहिलारी ने बाढ़ प्रभावित शिवसागर में राहत अभियान का नेतृत्व किया, सहायता सामग्री भी बांटी

बीटीसी प्रमुख मोहिलारी ने बाढ़ प्रभावित शिवसागर में राहत अभियान का नेतृत्व किया, सहायता सामग्री भी बांटी
बीटीसी प्रमुख मोहिलारी ने बाढ़ प्रभावित शिवसागर में राहत अभियान का नेतृत्व किया, सहायता सामग्री भी बांटी

गुवाहाटी, 6 अगस्त (आईएएनएस)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के प्रमुख हाग्रामा मोहिलरी ने गुरुवार को 104 सदस्यों वाली राहत टीम के साथ बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित शिवसागर जिले का दौरा किया। इस दौरान बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच जरूरी राहत सामग्री बांटी गई।

मोहिलरी ने विधायक अरूप कुमार डे के साथ कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने हालात का जायजा लिया और लंबे समय से बाढ़ से जूझ रहे लोगों को खुद राहत सामग्री सौंपी।

शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई ने टीम के पहुंचने पर उनका स्वागत किया और राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान उनके साथ रहे।

बीटीसी टीम हजारों बेडशीट, मच्छरदानी, हाइजीन किट और दूसरी जरूरी राहत सामग्री लेकर आई थी, ताकि उन परिवारों की मदद की जा सके जिनकी जिंदगी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुई है।

राहत अभियान उन इलाकों पर केंद्रित था, जहां कई दिनों से पानी भरा हुआ है, जिससे कई परिवार बेघर हो गए हैं और बाहरी मदद पर निर्भर हैं।

लोगों ने इस पहल का स्वागत किया। स्थानीय स्वयंसेवकों ने राहत सामग्री बांटने में मदद की ताकि यह पक्का किया जा सके कि मदद सबसे ज्यादा प्रभावित परिवारों तक पहुंचे।

अखिल गोगोई ने टीम का आभार जताते हुए कहा कि शिवसागर के लोग बीटीसी प्रमुख और उनकी टीम के उस फैसले की बहुत सराहना करते हैं, जिसके तहत वे संकट के समय बाढ़ पीड़ितों का साथ देने के लिए कोकराझार से यहां आए।

गोगोई ने कहा, "हम हग्रामा मोहिलरी और पूरी टीम के आभारी हैं। वे बाढ़ पीड़ितों के लिए बेडशीट, मच्छरदानी, जरूरी हाइजीन उत्पाद और दूसरी राहत सामग्री लेकर आए हैं। शिवसागर शहर पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है, इसलिए इस मदद से प्रभावित लोगों को बहुत फायदा होगा।"

उन्होंने कहा कि बीटीसी टीम का सिर्फ राहत सामग्री भेजने के बजाय खुद प्रभावित इलाकों का दौरा करने का फैसला बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे लोगों के प्रति एकजुटता और संवेदना की मजबूत भावना को दिखाता है।

यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब ऊपरी असम के बड़े हिस्से, जिसमें शिवसागर जिला भी शामिल है, भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से जूझ रहा है। कई प्रभावित जिलों में राहत और पुनर्वास के काम चल रहे हैं। सरकारी एजेंसियां, स्वयंसेवी संस्थाएं और जन प्रतिनिधि बेघर हुए परिवारों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story