Samachar Nama
×

हैकर समूह का एसबीआई से संबंधित गोपनीय ग्राहक जानकारी प्राप्त करने का दावा

हैकर समूह का एसबीआई से संबंधित गोपनीय ग्राहक जानकारी प्राप्त करने का दावा
हैकर समूह का एसबीआई से संबंधित गोपनीय ग्राहक जानकारी प्राप्त करने का दावा

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'सीरियसिम' नाम से सक्रिय एक अज्ञात हैकर समूह ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से संबंधित गोपनीय ग्राहक जानकारी प्राप्त करने का दावा किया है। इसमें व्यक्तिगत विवरण, ऋण आवेदन और खाता खोलने जैसे दस्तावेज शामिल हैं।

साइबर सुरक्षा निगरानी खाते साइबरपल्स 56 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इस दावे को उजागर किया।

पोस्ट के अनुसार, समूह के पास कथित तौर पर देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के ऋणदाता से संबंधित सीएसवी प्रारूप में 3.75 लाख डेटा प्रविष्टियां और 2,722 पीडीएफ दस्तावेज हैं।

कथित तौर पर लीक हुए डेटासेट में ग्राहकों की व्यक्तिगत जानकारी, आवासीय पते, ऋण आवेदन, सहायक दस्तावेज और आवेदन से संबंधित अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं। साइबरपल्स56 ने 16 अक्टूबर को सबसे पहले इस दावे की रिपोर्ट करते हुए बताया कि सिरियसिम ने इस सामग्री को डेटासेट के अपने पहले खुलासे के रूप में प्रस्तुत किया था।

हालांकि, कथित डेटा लीक की प्रामाणिकता और स्रोत की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। रिपोर्ट की गई प्रविष्टियों की संख्या से यह भी स्पष्ट नहीं होता कि कितने व्यक्तिगत ग्राहक प्रभावित हुए होंगे, क्योंकि कई रिकॉर्ड एक ही व्यक्ति से संबंधित हो सकते हैं।

इस बात की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है कि एसबीआई के सिस्टम में सेंध लगाई गई थी या दस्तावेज सीधे बैंक से आए थे। इकोनॉमिक टाइम्स ने 20 अक्टूबर को रिपोर्ट किया कि प्रकाशन के समय तक एसबीआई ने टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं दिया था।

साइबरपल्स56 ने चेतावनी दी कि यदि डेटासेट प्रामाणिक साबित होते हैं तो जानकारी का दुरुपयोग पहचान की चोरी, वित्तीय धोखाधड़ी, लक्षित फिशिंग हमलों और फर्जी ऋण आवेदनों के लिए किया जा सकता है।

यह आरोप भारत के वित्तीय क्षेत्र को प्रभावित करने वाले साइबर सुरक्षा जोखिमों को लेकर व्यापक चिंताओं के बीच आया है। हालांकि, केवल इस दावे से यह साबित नहीं होता कि एसबीआई के सिस्टम में सेंधमारी हुई है, क्योंकि एसबीआई ने अभी तक हैकर के दावों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

इस बीच, इस साल की शुरुआत में, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने डिजिटल खतरों के खिलाफ बैंकिंग प्रणाली की मजबूती बढ़ाने के व्यापक प्रयासों के तहत वाणिज्यिक बैंकों के लिए साइबर सुरक्षा आवश्यकताओं को बढ़ा दिया है।

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags