रक्षाबंधन पर गुजरात में 6,500 अतिरिक्त बसों के फेरे लगेंगे, डिप्टी सीएम ने 101 नई गाड़ियों को दिखाई हरी झंडी
अहमदाबाद, 26 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) 26 से 30 अगस्त तक पूरे राज्य में लगभग 6,500 अतिरिक्त बस ट्रिप चलाएगा।
यह घोषणा तब की गई, जब डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने बुधवार को गांधीनगर से 101 नई एसटी बसों को हरी झंडी दिखाई। इन 101 नई बसों में 71 सुपर एक्सप्रेस, 20 मिडी और 10 स्लीपर कोच बसें शामिल हैं। इन बसों को रक्षाबंधन के लिए की गई खास व्यवस्थाओं के तहत भी चलाया जाएगा।
अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ अंबाजी, पावागढ़ और सोमनाथ जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों को जोड़ने वाले रूटों पर खास सर्विस की योजना बनाई गई है।
यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में मदद करने के लिए ऑनलाइन और एसटी डिपो पर एडवांस बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पिछले साल रक्षाबंधन के दौरान कॉर्पोरेशन ने 6,402 अतिरिक्त ट्रिप चलाई थीं, जिनमें लगभग 3.33 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी।
इस साल, त्योहार के दौरान होने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रिप की संख्या बढ़ाकर 6,500 कर दी गई है।
कार्यक्रम में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि 101 बसों को शामिल करना मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और डिप्टी सीएम हर्ष संघवी की उन कोशिशों का हिस्सा है, जिनका मकसद नागरिकों, कर्मचारियों और छात्रों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा, "गुजरात के अलग-अलग हिस्सों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए सफर आसान बनाने के मकसद से रक्षाबंधन से पहले नए रूटों पर स्पेशल बस सेवाएं शुरू की गई थीं।"
इस कार्यक्रम के दौरान एसटी कॉर्पोरेशन की महिला कंडक्टरों ने रक्षाबंधन का जश्न पहले ही मनाते हुए संघवी को राखी बांधी। संघवी ने एसटी कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए बधाई दी और पूरे राज्य में यात्रियों के लिए ट्रांसपोर्ट सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने हाल ही में शुरू की गई बसों में से एक का निरीक्षण भी किया।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान एसटी ड्राइवर, कंडक्टर और ऑपरेशनल स्टाफ चौबीसों घंटे सेवाएं देते रहते हैं। कॉर्पोरेशन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पांच दिनों की अवधि के दौरान विशेष सेवाओं और एडवांस बुकिंग का लाभ उठाएं।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम

