Samachar Nama
×

गुजरात पुलिस ने कच्छ में 43.4 करोड़ रुपए का तेल और उपकरण जब्त किए, 11 गिरफ्तार

गुजरात पुलिस ने कच्छ में 43.4 करोड़ रुपए का तेल और उपकरण जब्त किए, 11 गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने कच्छ में 43.4 करोड़ रुपए का तेल और उपकरण जब्त किए, 11 गिरफ्तार

भुज, 2 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस की राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) ने कच्छ जिले में तेल चोरी के एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छह टैंकर, दो लाख किलोग्राम से अधिक तेल और 43.4 करोड़ रुपओ मूल्य के उपकरण जब्त किए हैं।

इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य वांछित हैं।

यह छापेमारी गुरुवार को मुंद्रा के पास रताड़िया (गणेशवाला) कृषि क्षेत्र के एक खुले मैदान में की गई।

यह स्थान मोखा टोल प्लाजा से मुंद्रा की ओर जाने वाले राजमार्ग के बाईं ओर, शिवम होटल के बगल में और 66 किलोवाट की पटरी-मुंद्रा लाइन संख्या 52 के नीचे स्थित है।

प्रागपार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 303(2), 306, 316(3), 317(1)(2), 61(2) और 111(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जब्त की गई वस्तुओं में 1.5 करोड़ रुपए मूल्य के छह टैंकर, उनमें भरा हुआ 2,05,170 किलोग्राम तेल (जिसका मूल्य 2.81 करोड़ रुपए से अधिक है), और लगभग 1.78 लाख रुपए मूल्य का 1,465 किलोग्राम कथित तौर पर चोरी का तेल शामिल है।

पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 50 प्लास्टिक के बैरल, तीन धातु के बैरल, 72 प्लास्टिक के कारबॉय, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने का पैमाना, पाइपों के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर, प्लास्टिक की बाल्टियां, लोहे के लोडिंग पाइप, सर्विस वायर के साथ एक इलेक्ट्रिक बोर्ड, तेल रिसाव रोकने वाले उपकरण, एक लोहे का वाल्व, एक बैरल लॉक रिंच और छह टैंकरों से संबंधित खेप नोट और वाहन दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य 4,34,52,635 रुपए आंका गया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में गफूरभाई नामक व्यक्ति के यहां कथित तौर पर काम करने वाले मजदूर, टैंकर चालक और चालक का सहायक शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गुजरात, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और बिहार के निवासी या मूल निवासी हैं।

उन्हें आगे की जांच के लिए प्रागपार पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags