Samachar Nama
×

गुजरात: पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला के चरित्र पर था शक

गुजरात: पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला के चरित्र पर था शक
गुजरात: पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला के चरित्र पर था शक

साबरकांठा, 24 सितंबर (आईएएनएस)। गुजरात के साबरकांठा स्थित हरिपुरा गांव में महिला की उसके पति ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पति को महिला के चरित्र पर शक था। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी।

मृतक महिला की पहचान सोनीबेन पारगी के रूप में हुई है। वह हरिपुरा इलाके में हैदरभाई के खेत में अपने पति और बच्चों के साथ खेतिहर मजदूर के तौर पर रह रही थी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 सितंबर की शाम को पति-पत्नी के बीच घरेलू झगड़े के बाद हुई।

पुलिस उपाधीक्षक (इडर डिवीजन) स्मित गोहिल ने बताया कि आरोपी रमेश पारगी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और झगड़े के बाद उसने उस पर हमला किया। उन्होंने कहा, "यह घटना मुख्य रूप से पति-पत्नी के बीच घरेलू झगड़े के कारण हुई। मृतका के पति रमेश पारगी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी रंजिश के चलते उसने 22 तारीख की शाम को यह वारदात की।"

अधिकारियों ने बताया कि 23 सितंबर को महिला खेत में बने एक कमरे में चारपाई पर संदिग्ध हालात में पड़ी मिली। उसका शरीर कंबल से ढका हुआ था। उस समय उसका पति कमरे में मौजूद नहीं था। इसके बाद मृतका के भाई मुमनभाई गमार ने शिकायत दर्ज कराई कि रमेश ने उसकी बहन के चरित्र पर शक के चलते उसकी हत्या कर दी है।

गोहिल के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अपनी बेटी के साथ मौके से भाग गया था। पुलिस और लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने उसे खोजने के लिए टीमें बनाईं। अधिकारियों का कहना है कि एलसीबी कर्मियों को सूचना मिली कि रमेश हिम्मतनगर से देसोतार की ओर रिक्शे से जा रहा है, जिसके बाद उन्होंने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी। बाद में उसे ढूंढकर पकड़ लिया गया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गोहिल ने कहा, "मृतक महिला, उसका पति और उनके बच्चे यहां आए थे और पिछले तीन-चार महीनों से हैदरभाई के खेत में खेतिहर मजदूरों के तौर पर रह रहे थे। वे मूलरूप से राजस्थान के कोटाडा छावनी तालुका के रहने वाले हैं।"

गिरफ्तार आरोपी राजस्थान के उदयपुर जिले के कोटाडा छावनी तालुका के मंडवाल अनारा फलिया का रहने वाला है और अभी हरिपुरा में रह रहा है। पुलिस का कहना है कि वे यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी के खिलाफ पहले गुजरात या राजस्थान के पुलिस स्टेशनों में कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।

आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद जांच अधिकारी उसकी रिमांड की मांग कर सकते हैं। आगे की जांच का जिम्मा जादर पुलिस स्टेशन को सौंपा गया है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags