Samachar Nama
×

गुजरात में एचएससी 2026 के नतीजे घोषित, साइंस और जनरल स्ट्रीम में लड़कियां रहीं अव्वल

गांधीनगर, 4 मई (आईएएनएस)। गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसएचएसईबी) ने सोमवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए। इस बार साइंस स्ट्रीम और जनरल दोनों स्ट्रीम में लड़कियों का पास प्रतिशत बेहतर रहा।
गुजरात में एचएससी 2026 के नतीजे घोषित, साइंस और जनरल स्ट्रीम में लड़कियां रहीं अव्वल

गांधीनगर, 4 मई (आईएएनएस)। गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसएचएसईबी) ने सोमवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए। इस बार साइंस स्ट्रीम और जनरल दोनों स्ट्रीम में लड़कियों का पास प्रतिशत बेहतर रहा।

राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युमन वाजा ने गांधीनगर में राज्य मंत्री रिवाबा जडेजा की मौजूदगी में औपचारिक रूप से परिणाम घोषित किए।

इस साल 12वीं की परीक्षा 26 फरवरी से मध्य मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थी। करीब 5.01 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी।

साइंस स्ट्रीम में इस बार कुल पास प्रतिशत 84.33 रहा है। पिछले साल की तुलना में इसमें लगभग 1 प्रतिशत का सुधार हुआ है। साइंस स्ट्रीम में 1,18,256 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 93,000 से ज्यादा छात्र सफल रहे। लड़कों का पास प्रतिशत 84.04 रहा, जबकि लड़कियों ने थोड़ा बेहतर प्रदर्शन करते हुए 84.65 प्रतिशत हासिल किया।

इस बार साइंस स्ट्रीम में 209 स्कूलों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा, जो एक अच्छा संकेत माना जा रहा है। जिलेवार प्रदर्शन में बनासकांठा के कुम्भरिया सेंटर ने सबसे बेहतर 98.62 प्रतिशत परिणाम दिया। वहीं दूसरी तरफ दाहोद जिले का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा, जहां पास प्रतिशत 42.98 प्रतिशत दर्ज किया गया।

जिलों की बात करें तो मोरबी ने सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 94.85 प्रतिशत हासिल किया, जबकि दाहोद जिला 57.44 प्रतिशत के साथ सबसे नीचे रहा। ग्रुप वाइज परिणाम देखें तो ग्रुप ए का रिजल्ट 90.79 प्रतिशत, ग्रुप बी का 79.87 प्रतिशत और एबी ग्रुप का 64.44 प्रतिशत रहा।

बोर्ड ने यह भी बताया कि इस परीक्षा में 15 नकल के मामले सामने आए और कुछ छात्रों को न्यूनतम 20 प्रतिशत अंक लाकर पास घोषित किया गया।

जनरल स्ट्रीम की बात करें तो इस बार इसका कुल पास प्रतिशत 92.71 रहा है, जो पिछले साल की तुलना में करीब 1 प्रतिशत कम है। इस स्ट्रीम में 4 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी थी। इसमें लड़कियों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा और उनका पास प्रतिशत 95.41 रहा, जबकि रेगुलर छात्रों का पास प्रतिशत 90.10 रहा।

जनरल स्ट्रीम में 2030 स्कूलों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा, जो काफी उत्साहजनक है। हालांकि 13 स्कूल ऐसे भी रहे जिनका परिणाम 10 प्रतिशत से भी कम रहा। टाडावा, कोटड़ा कगवई और प्रश्नावड़ा जैसे सेंटरों ने 100 प्रतिशत परिणाम देकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं करथ सेंटर का रिजल्ट सबसे कम 64.88 प्रतिशत रहा।

जिलेवार परिणाम में डांग-आहवा ने सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 97.88 प्रतिशत हासिल किया, जबकि अहमदाबाद शहर का पास प्रतिशत 87.10 रहा, जो सबसे कम है। इस बार नकल के कुल 164 मामले दर्ज किए गए, जबकि 612 दिव्यांग छात्रों ने न्यूनतम अंकों के साथ परीक्षा पास की।

इसी के साथ जीयूजेसीईटी के नतीजे भी जारी किए गए, जिसमें ग्रुप ए के 695 और ग्रुप बी के 764 छात्रों ने 99 परसेंटाइल से ज्यादा स्कोर किया है। 98 परसेंटाइल में भी हजारों छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

छात्र अपने रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर सीट नंबर डालकर देख सकते हैं। इसके अलावा एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए भी परिणाम चेक करने की सुविधा दी गई है।

बोर्ड ने छात्रों को केवल आधिकारिक स्रोतों से ही रिजल्ट देखने की सलाह दी है ताकि किसी भी तरह की फर्जी लिंक से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि परिणामों की घोषणा के बाद इंजीनियरिंग, फार्मेसी और अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश और योग्यता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी

Share this story

Tags