गुजरात कृषि विभाग की किसानों को सलाह, बीज-खाद और कीटनाशक केवल अधिकृत डीलरों से खरीदें
गांधीनगर, 17 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात कृषि विभाग ने सर्दियों की बुवाई के मौसम की तैयारियों के बीच किसानों के लिए एक सलाह जारी की है। इसमें कहा गया है कि किसान बीज, खाद और कीटनाशक केवल अधिकृत डीलरों से ही खरीदें।
साथ ही, धोखाधड़ी और नकली कृषि उत्पादों के इस्तेमाल से बचने के लिए, विक्रेता और उत्पादों की पूरी जानकारी वाले हस्ताक्षरित (साइन किए गए) बिल जरूर लें।
कृषि निदेशालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, किसानों को कृषि सामग्री केवल सहकारी समितियों, सरकारी संस्थानों और वैध लाइसेंस या परमिट रखने वाले पंजीकृत निजी डीलरों से ही खरीदनी चाहिए। किसानों को चेतावनी दी गई है कि वे ऐसे व्यक्तियों, फर्मों, फेरीवालों या किसी भी संदिग्ध व्यक्ति से उत्पाद न खरीदें, जिनके पास जरूरी लाइसेंस न हो।
विभाग ने जोर देकर कहा है कि खरीदारी के समय सही बिल लेना अनिवार्य है। बिल पर डीलर के हस्ताक्षर होने चाहिए और उसमें विक्रेता का लाइसेंस नंबर, पूरा नाम और पता दर्ज होना चाहिए।
बिल में खरीदे गए कृषि उत्पाद का विवरण, जैसे उसका नाम और लॉट नंबर भी होना चाहिए। इस सलाह का उद्देश्य किसानों को यह जानने में मदद करना है कि वे जो उत्पाद इस्तेमाल कर रहे हैं, वे कहां से आए हैं। साथ ही, किसी शिकायत या विवाद की स्थिति में, खरीदारी का पूरा विवरण उनके पास सुरक्षित रहे। किसानों को यह भी चेतावनी दी गई है कि वे एक्सपायरी डेट वाली कृषि उत्पादों को न खरीदें और न ही उनका इस्तेमाल करें।
विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बीज, खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल करते समय वैज्ञानिक सुझावों का पालन करें और यह सुनिश्चित करें कि इनका उपयोग केवल तय मात्रा में ही किया जाए।
इन उत्पादों का अनावश्यक या अत्यधिक उपयोग करने से बचें और अनुशंसित कृषि तरीकों को अपनाएं। सलाह में यह भी कहा गया है कि अगर कहीं नकली या अनधिकृत कृषि उत्पादों की बिक्री हो रही हो, तो तुरंत इसकी सूचना दें।
अगर किसानों को ऐसे बीज, खाद या कीटनाशक मिलते हैं जो नकली हैं, लेकिन उन्हें किसी अधिकृत या आम तौर पर मिलने वाले उत्पाद के नाम से या उससे मिलते-जुलते नाम से बेचा जा रहा है तो उन्हें तुरंत अपने जिले के संबंधित कृषि अधिकारी या उप कृषि निदेशक को सूचित करना चाहिए।
कृषि निदेशालय ने किसानों से आग्रह किया है कि वे आने वाले सर्दियों के फसल सीजन के लिए कृषि सामग्री खरीदते समय सतर्क रहें। विशेष रूप से, विक्रेताओं की साख की जांच करें, उत्पादों के विवरण को सत्यापित करें और खरीदारी के समय उचित दस्तावेज (बिल) जरूर मांगें। इन उपायों का उद्देश्य किसानों को धोखाधड़ी वाली बिक्री से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाना है, और यह सुनिश्चित करना है कि सर्दियों की खेती में इस्तेमाल होने वाले कृषि इनपुट (जैसे बीज, खाद आदि) वैध आपूर्तिकर्ताओं से ही लिए जाएं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

