6,500 छात्रों ने बनाई ‘ह्यूमन रंगोली’, गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल ने किया निरीक्षण
अहमदाबाद, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को अहमदाबाद के जीएमडीसी ग्राउंड में करीब 6,500 छात्रों ने ‘ह्यूमन रंगोली’ बनाकर भारत की आकृति प्रस्तुत की। कार्यक्रम का आयोजन अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) और उसके स्कूल बोर्ड की ओर से किया गया।
कार्यक्रम की थीम ‘सेवा ना रंगो, राष्ट्र ना संग’ (सेवा के रंगों में, राष्ट्र के साथ) रखी गई थी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कार्यक्रम में पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और मानव रंगोली का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों की रचनात्मकता, अनुशासन और सामूहिक भागीदारी की सराहना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभागी छात्रों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए छात्रों ने सात अलग-अलग रंगों- नारंगी, पीला, लाल, बैंगनी, हरा, नीला और सफेद- के परिधानों में समूह बनाकर भारत की आकृति वाली विशाल मानव रंगोली तैयार की।
कार्यक्रम स्थल पर छात्रों की रंग-बिरंगी प्रस्तुति ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के संदेश को भी प्रदर्शित किया। मानव रंगोली के जरिए सेवा के विभिन्न रंगों को राष्ट्र की भावना के साथ जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाद में मां अंबा को समर्पित गरबा प्रस्तुति भी हुई, जिससे आयोजन में भक्ति का रंग जुड़ गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत सुशासन, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को केंद्र में रखा गया है।
कार्यक्रम में शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला, अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, सांसद दिनेश मकवाणा और हसमुख पटेल सहित कई विधायक मौजूद रहे। इनके अलावा उप महापौर अंजू शाह, नगर आयुक्त बंछानिधि पाणि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मानव रंगोली के माध्यम से छात्रों ने सेवा और राष्ट्र के प्रति एकजुटता का संदेश दिया।
--आईएएनएस
डीएससी

