Samachar Nama
×

अहमदाबाद नगर निकाय ने 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य पूरा किया, कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम भूपेंद्र पटेल

अहमदाबाद नगर निकाय ने 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य पूरा किया, कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम भूपेंद्र पटेल
अहमदाबाद नगर निकाय ने 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य पूरा किया, कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम भूपेंद्र पटेल

अहमदाबाद, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (एएमसी) ने अपने 'मिशन फाइव मिलियन ट्रीज' अभियान के तहत 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को 'सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान' में शामिल हुए। उन्होंने भदाज में पेड़ लगाने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री पटेल ने कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल, अहमदाबाद के मेयर हितेश बरोट और अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अभियान में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर नागरिकों से बातचीत की।

भदाज में पौधरोपण के लिए लगभग 85,000 वर्ग मीटर जमीन है, जिसमें से अब तक 66,600 वर्ग मीटर में एक लाख से ज्यादा पेड़ लगाए जा चुके हैं। इस जगह पर पेड़ों की 38 से ज्यादा किस्में हैं और यहां 'त्रिफला वन' बनाने की भी योजना है।

इस पौधरोपण अभियान में सांसद दिनेश मकवाना, डिप्टी मेयर अंजू शाह, स्थायी समिति के अध्यक्ष कमलेश पटेल, राजनीतिक नेता प्रेरक शाह, स्थानीय विधायक, नगर आयुक्त बंछानिधि पानी, वरिष्ठ अधिकारी, एएमसी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

एएमसी ने 2019 में 'मिशन मिलियन ट्रीज' अभियान शुरू किया था। इस पहल के तहत पेड़ लगाने का लक्ष्य समय के साथ बढ़ाया गया है और इस वर्ष नगर निकाय ने 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा था। नगर निकाय ने बताया कि उसने 'मिशन फाइव मिलियन ट्रीज' के तहत 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है।

भदाज पौधारोपण स्थल उन जगहों में से एक है जहां एएमसी ने अपनी व्यापक पौधारोपण पहल के तहत बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने का काम किया है। पेड़ों की कई किस्मों और प्रस्तावित 'त्रिफला वन' को शामिल करने का मकसद पौधारोपण वाले इलाके में अलग-अलग तरह की वनस्पतियां लगाना है।

भदाज पौधारोपण स्थल के नाम एक घंटे में सबसे बड़े मियावाकी पौधारोपण का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज है।

जुलाई में, अहमदाबाद नगर निगम ने इस जगह पर एक घंटे में 3,61,617 पौधे लगाए थे, जिससे शहर में चल रहे पौधरोपण प्रयासों में एक रिकॉर्डतोड़ उपलब्धि जुड़ी थी। एएमसी अधिकारियों, स्कूल बोर्ड के प्रतिनिधियों, पुलिस कर्मियों, एनसीसी कैडेट्स, एनजीओ, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पौधारोपण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story