Samachar Nama
×

हैदराबाद के आसिफ नगर में गौतस्करी के शक पर दो गुटों में झड़प, पथराव में पुलिसकर्मी समेत कई घायल

हैदराबाद, 17 मई (आईएएनएस)। हैदराबाद के आसिफ नगर में दो गुटों के बीच कथित तौर पर गौतस्करी के शक को लेकर हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें कम से कम दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कुछ राहगीरों को भी चोटें आईं। इस घटना में कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है।

जानकारी के अनुसार, एक गुट को शक था कि ट्रक में अवैध रूप से गायों को ले जाया जा रहा है। गुड्डीमलकापुर में ट्रक को रोके जाने के बाद हंगामा शुरू हो गया, जहां गौ रक्षकों ने दावा किया कि ट्रक में मवेशी थे, वहीं ड्राइवर ने कहा कि वह प्लाईवुड ले जा रहा था। जब ट्रक रोकने वाले गुट ने ड्राइवर पर हमला किया, तो बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और इसका विरोध किया।

बहस के बाद दोनों गुटों में झड़प हो गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आपस में भिड़ रहे गुटों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। हालांकि, इस दौरान कम से कम दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कुछ राहगीरों को भी चोटें आईं।

इसी बीच, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के स्थानीय विधायक माजिद हुसैन ने इलाके का दौरा किया। उन्होंने गौ रक्षकों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने प्लाईवुड ले जा रही एक गाड़ी को लेकर झूठा आरोप लगाकर कि उसमें गायें हैं, बेवजह हंगामा खड़ा किया। विधायक खुद अपने समर्थकों के साथ ट्रक में चढ़ गए और कुछ दूर तक उसी गाड़ी में सफर किया।

उन्होंने पुलिस पर भी सवाल उठाए। एआईएमआईएम विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस स्थिति को संभालने में नाकाम रही। उन्होंने ट्रक पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

माजिद हुसैन ने आरोप लगाया कि गौ रक्षक इस तरह के हमलों का सहारा लेकर शहर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस कानून-व्यवस्था की किसी भी समस्या को रोकने के लिए उपद्रवियों के खिलाफ सख्ती से पेश आए।

पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। आसिफ नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags