Samachar Nama
×

तेलंगाना : भारी बारिश के बाद भद्राचलम में गोदावरी नदी का जलस्तर बढ़ा

तेलंगाना : भारी बारिश के बाद भद्राचलम में गोदावरी नदी का जलस्तर बढ़ा
तेलंगाना : भारी बारिश के बाद भद्राचलम में गोदावरी नदी का जलस्तर बढ़ा

हैदराबाद, 27 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के भद्राचलम में भारी बारिश के बाद गोदावरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ऊपर से आ रहे पानी के कारण नदी का स्तर बढ़ रहा है।

भद्राद्री कोठागुडेम जिले के मंदिर शहर भद्राचलम में रविवार सुबह नदी का जलस्तर 40 फीट को पार कर गया। अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले जलस्तर सिर्फ 17 फीट था, जो शनिवार शाम को बढ़कर 25 फीट हो गया। रविवार सुबह यह 40 फीट तक पहुंच गया। भद्राचलम में स्नान घाट की कई सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऊपर से पानी आना जारी है, इसलिए जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। अगर जलस्तर 43 फीट तक पहुंचता है तो प्रशासन पहली बाढ़ की चेतावनी जारी करेगा।

उधर, आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में वंशधारा नदी अभी भी उफान पर है। हालांकि नागावली नदी में बाढ़ का पानी कम हो गया है।

ऊपरी इलाकों में भारी बारिश और अन्य स्रोतों से पानी आने के कारण दोनों नदियों में बाढ़ तेज हो गई थी और जिला प्रशासन ने 25 सितंबर को नारायणपुरम एनिकट पर दूसरी बाढ़ की चेतावनी जारी की थी। श्रीकाकुलम के जिला कलेक्टर ने नदियों के किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

24 सितंबर को तट से टकराए गहरे अवदाब के कारण हुई भारी बारिश से आई अचानक बाढ़ से जिले के कई गांव प्रभावित हुए थे। बाढ़ के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया। अब बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है और अधिकारी सड़कों को ठीक करने में लगे हुए हैं।

भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से फसलें पानी में डूब गईं, जिससे श्रीकाकुलम जिले के किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

इस बीच, पूर्वी गोदावरी जिले के गोपालापुरम में हाल की बारिश और बाढ़ के कारण सैकड़ों एकड़ में फसलें खराब हो गईं। पिछले तीन दिनों से फसलें पानी में डूबी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, नालों और नहरों के उफान से फसलें डूब गईं।

किसान चिंतित हैं कि अगर फसलें तीन दिन और पानी में रहीं तो पूरी तरह से नष्ट हो जाएंगी। अधिकारी और जनप्रतिनिधि प्रभावित गांवों का दौरा कर रहे हैं।

--आईएएनएसी

वीकेयू/एएस

Share this story

Tags