गाजीपुर हत्याकांड: मतृक के पिता ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया
गाजीपुर, 31 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दो दिन पहले एक होटल व्यवसायी के बेटे की चार नकाबपोशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। रविवार को मृतक के पिता ने इस घटना के लिए पुलिस की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस बल के सदस्य गिरोह के सदस्यों के साथ मिलीभगत कर रहे हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़ और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
जांचकर्ताओं के अनुसार, मुख्य संदिग्ध कथित 'कटरा गिरोह' से जुड़ा हुआ है।
मृतक विनीत राय के पिता आलोक राय ने कहा कि परिवार की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है।
उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि आरोपी एक अपराधी किस्म का व्यक्ति है और ‘कटरा गिरोह’ नाम का गिरोह चलाता है। उसका घर हमारे होटल से 100 मीटर उत्तर में स्थित है और होटल के ठीक पीछे ग्राम प्रधान का घर है, जिसका भाई भी इस गिरोह का सरगना है।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान कथित तौर पर गिरोह के सदस्यों को पनाह देता है। यह घटना इन सभी ने मिलकर अंजाम दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके परिवार से जबरन वसूली की मांग की थी।
आलोक राय ने कहा कि आरोपियों ने पहले इलाके में होटल चलाने के लिए हमसे 20 लाख रुपए मांगे और फिर उसे बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए कर दिया।
जबरन वसूली की कोई भी रकम देने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि हम होटल बंद कर देंगे।
घटना के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए राय ने आगे कहा कि मैंने इस घटना के संबंध में डीजीपी, एडीजी वाराणसी, एसपी कोतवाली और यहां तक कि मुख्यमंत्री को भी आवेदन लिखे थे और रिमाइंडर भी भेजे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि कोतवाली इलाके में ऐसी लगभग 20 घटनाएं हुई होंगी। इनमें से केवल दो-तीन मामलों में ही एफआईआर दर्ज की गई होगी। उन्होंने आगे कहा कि इलाके में होने वाले सभी अपराधों की वजह जबरन वसूली है।
उन्होंने जबरन वसूली करने वाले गिरोह के साथ 'पुलिस की मिलीभगत' की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारियों ने वास्तव में गिरोह को काम करने में मदद की।
मृतक के पिता ने दावा किया कि गाजीपुर में कानून-व्यवस्था बिल्कुल चरमराई हुई है।
अपने बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए उन्होंने कहा कि आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए और कटरा गिरोह के सदस्यों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाने चाहिए। ये सभी अवैध निर्माण हैं।
--आईएएनएस
एमएस/

