'मुझे पनौती कहा गया, काम मिलना भी बंद हो गया था...', करियर के मुश्किल दौर को लेकर गौरव खन्ना का छलका दर्द
मुंबई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। कई हिट टीवी सीरियल्स में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके गौरव खन्ना ने अपने करियर में खूब लोकप्रियता हासिल की है, लेकिन सफलता तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था।
हाल ही में उन्होंने अपने जीवन के उस दौर को याद किया, जब कुछ शो के फ्लॉप होने की वजह से उन्हें 'पनौती' तक कहा जाने लगा था। इस वजह से उनके हाथ से काम निकलने लगे थे। गौरव ने यह दर्द स्टंट-आधारित रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' के दौरान साझा किया, जहां उनकी बात सुनकर हर कोई भावुक हो गया।
दरअसल, शो के आने वाले एपिसोड में होस्ट रोहित शेट्टी कंटेस्टेंट्स के लिए एक अलग तरह का ट्विस्ट लेकर आते हैं। वह सभी के मोबाइल फोन अपने पास रख लेते हैं और उनकी कुछ निजी बातचीत को सबके सामने लाते हैं। इसी दौरान गौरव खन्ना से जुड़ा एक मैसेज सामने आता है, जिसके बाद अभिनेता अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात करते हैं। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब लोगों ने उनके बारे में यह धारणा बना ली थी कि अगर वह किसी शो का हिस्सा होंगे तो वह शो आगे नहीं बढ़ेगा।
गौरव खन्ना ने कहा, "मेरे करियर में ऐसा समय आया था, जब मेरे कुछ शोज ज्यादा समय तक नहीं चल सके। शुरुआत में यह बातें केवल इंडस्ट्री के कुछ लोगों के बीच होती थीं, लेकिन धीरे-धीरे यही चर्चा अफवाह बन गई। लोगों ने मुझे 'बदकिस्मत' और 'पनौती' कहना शुरू कर दिया। सबसे ज्यादा दुख इस बात का था कि इन बातों का असर मेरे काम पर भी पड़ने लगा। कई निर्माता और निर्देशक मुझे कास्ट करने से हिचकने लगे। मुझे नए अवसर मिलने कम हो गए।"
गौरव ने आगे कहा, ''यह मेरे लिए बहुत दर्दनाक समय था। मैं हमेशा मानता हूं कि किसी भी शो की सफलता या असफलता किसी एक कलाकार की वजह से नहीं होती। एक सीरियल को सफल बनाने के लिए लेखक, निर्देशक, निर्माता, तकनीकी टीम और सभी कलाकार मिलकर मेहनत करते हैं। ऐसे में किसी एक अभिनेता को असफलता का जिम्मेदार ठहराना बिल्कुल गलत है।''
उन्होंने आगे कहा, "कई बार मैंने खुद से भी सवाल किए। मुझे लगा कि कहीं सचमुच मुझमें कोई कमी तो नहीं है। हर बार मैंने खुद को संभाला और अपने काम पर भरोसा बनाए रखा। अगर उस समय मैंने हार मान ली होती, तो शायद आज मैं इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाता। कठिन समय इंसान की असली परीक्षा लेता है और वही समय उसे मजबूत भी बनाता है।"
इसी बीच 'खतरों के खिलाड़ी 15' की कंटेस्टेंट और अभिनेत्री फरहाना भट्ट ने भी शो को लेकर अपनी राय साझा की। दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में शो की शूटिंग पूरी कर भारत लौटीं फरहाना ने कहा, ''इस शो में जीतने के लिए सिर्फ ताकत नहीं, बल्कि पूरी ईमानदारी और सौ फीसदी समर्पण की जरूरत होती है।''
फरहाना ने कहा, ''मेरा मानना है कि इस शो में वही आगे बढ़ सकता है, जो हर स्टंट में अपना सौ फीसदी देता है। जब आप बिना डरे पूरी मेहनत के साथ चुनौती का सामना करते हैं, तभी आपका असली प्रदर्शन सामने आता है। दर्शक भी उसी कंटेस्टेंट को पसंद करते हैं, जो हर टास्क में पूरी लगन और हिम्मत दिखाता है। आखिर में दर्शक ही तय करते हैं कि कौन इस शो का असली विजेता बनने के योग्य है।''
--आईएएनएस
पीके/एएस

