Samachar Nama
×

जी-7 समिट : फैमिली फोटो से पहले पीएम मोदी ने नेताओं से साझा किए विचार, राष्ट्रपति मैक्रों को कहा धन्‍यवाद

एवियन, 16 जून (आईएएनएस)। जी-7 समिट की आधिकारिक फैमिली फोटो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई देशों के नेताओं से बातचीत करते नजर आए।
जी-7 समिट : फैमिली फोटो से पहले पीएम मोदी ने नेताओं से साझा किए विचार, राष्ट्रपति मैक्रों को कहा धन्‍यवाद

एवियन, 16 जून (आईएएनएस)। जी-7 समिट की आधिकारिक फैमिली फोटो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई देशों के नेताओं से बातचीत करते नजर आए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर नेताओं के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "आज दोपहर एवियन में जी-7 समिट की बैठक शुरू होने से पहले। जी-7 नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान हमेशा उपयोगी होता है।"

एमईए ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी समेत सभी नेता फ्रांस के एवियन में आयोजित 52वें जी-7 समिट की फैमिली फोटो के लिए एक साथ आए। यह वैश्विक चुनौतियों से निपटने और सबके साथ विकास को बढ़ावा देने की सामूहिक कोशिश की दिशा में एक और कदम है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को एवियन जी-7 समिट में स्वागत करने के लिए धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने आउटरीच सत्र से पहले मुलाकात की, एक-दूसरे का अभिवादन किया और गले भी मिले।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, "मेरे दोस्त राष्ट्रपति मैक्रों, एवियन में स्वागत करने के लिए आपका धन्यवाद।"

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, दोनों नेताओं ने कुछ दिन पहले नीस में हुई अपनी सकारात्मक द्विपक्षीय बातचीत को आगे बढ़ाया। अब दोनों नेता अपनी बातचीत को बहुपक्षीय मंच पर आगे बढ़ा रहे हैं।

पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी जी-7 समिट के आउटरीच सत्र के दौरान कुछ देर के लिए मुलाकात की और एक-दूसरे का अभिवादन किया।

दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और जी-7 के कार्य सत्र 'नई साझेदारियां बनाने और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को फिर से मजबूत करने' से पहले थोड़ी बातचीत की। इस सत्र में जी-7 देशों के अलावा साझेदार देश, विश्व बैंक और अफ्रीकी विकास बैंक भी शामिल हो रहे हैं।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप बुधवार को द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसमें आर्थिक विकास, सप्लाई चेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), निवेश साझेदारी और दुनिया की सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी। यह बैठक पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ हुए सफल 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच पहली द्विपक्षीय मुलाकात होगी।

व्हाइट हाउस ने शनिवार को बताया था कि दोनों नेताओं की बैठक जी-7 नेताओं, आउटरीच पार्टनर्स और टेक्नोलॉजी कंपनियों के अधिकारियों के साथ होने वाले वर्किंग लंच से पहले होगी।

एवियन पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने कहा था कि वह दुनिया के नेताओं से मिलने और अहम वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा करने को लेकर उत्साहित हैं।

पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर एवियन पहुंचे हैं। इस साल जी-7 में भारत की 13वीं भागीदारी है और प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार इस समिट में हिस्सा ले रहे हैं।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags