Samachar Nama
×

एफएसएसएआई की कार्रवाई 2025 में गोवा इकाई के सैंपल से जुड़ी, बाद की जांच में ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला : बिसलेरी

एफएसएसएआई की कार्रवाई 2025 में गोवा इकाई के सैंपल से जुड़ी, बाद की जांच में ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला : बिसलेरी
एफएसएसएआई की कार्रवाई 2025 में गोवा इकाई के सैंपल से जुड़ी, बाद की जांच में ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला : बिसलेरी

मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पैकेज्ड पेयजल निर्माता बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की कंपनी के खिलाफ कार्रवाई सितंबर 2025 में उसकी गोवा स्थित विनिर्माण इकाई से लिए गए पानी के एक सैंपल से संबंधित है। कंपनी ने दावा किया कि बाद में की गई जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया था।

कंपनी का यह बयान एफएसएसएआई द्वारा बिसलेरी के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही को मंजूरी देने की घोषणा के बाद आया है। प्रयोगशाला जांच में पैकेज्ड पेयजल के एक सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया था।

एक बयान में बिसलेरी ने कहा कि यह मामला उसकी गोवा इकाई में उत्पादित एक बैच से संबंधित है। यह इकाई देशभर में कंपनी की 143 विनिर्माण इकाइयों में से एक है।

बिसलेरी ने बताया कि एफएसएसएआई ने 30 सितंबर, 2025 को प्लांट से छह सैंपल एकत्र किए थे। इनमें से पांच सैंपल नियामकीय मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर से अधिक था।

कंपनी ने कहा कि उसने बाद में इस जांच के निष्कर्षों के खिलाफ अपील की, जिसके बाद सैंपल की जांच एक रेफरल प्रयोगशाला में की गई। कंपनी ने यह भी बताया कि रेफरल प्रयोगशाला ने ब्रोमेट का स्तर अनुमेय सीमा के भीतर पाया, लेकिन अलग से सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएचएस) की मौजूदगी की जानकारी दी।

कंपनी ने कहा, "दोनों जांच के नतीजों में अंतर से कुछ सवाल उठे, जिनके बारे में बिसलेरी का मानना था कि स्पष्टीकरण दिया जाना जरूरी है।"

बिसलेरी ने कहा कि उसने उसी सैंपल की जांच एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में भी कराई, जहां ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।

कंपनी ने फरवरी 2026 में स्वतंत्र जांच के नतीजे एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए थे और इसके बाद उसे कोई और सूचना प्राप्त नहीं हुई।

रविवार को एफएसएसएआई ने कहा था कि रेफरल प्रयोगशाला ने भी पीएएचएस की मौजूदगी के कारण सैंपल को असुरक्षित घोषित किया था और कंपनी के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही को मंजूरी दे दी गई है।

अपने उत्पादों को उपभोग के लिए सुरक्षित बताते हुए बिसलेरी ने कहा कि वह अपनी 10 चरणों वाली विनिर्माण प्रक्रिया के दौरान गुणवत्ता की 90 से अधिक जांच करती है। कंपनी ने कहा कि वह उचित कानूनी और नियामकीय माध्यमों से नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags