तिरुवनंतपुरम निगम परिषद में भाजपा नेता आर. सुगाथन को लेकर हंगामा, एलडीएफ-यूडीएफ पार्षदों से हुई झड़प
तिरुवनंतपुरम, 29 जून (आईएएनएस)। तिरुवनंतपुरम निगम परिषद में सोमवार को उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा पार्षद आर. सुगाथन के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष ने जोरदार विरोध शुरू किया। इस दौरान हिंसक झड़पें, धक्का-मुक्की और परिषद की कार्यवाही में अभूतपूर्व बाधा उत्पन्न हुई। आर. सुगाथन फिलहाल केरल एंटी-सोशल एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट के तहत न्यायिक हिरासत में हैं।
इस पूरे विवाद की शुरुआत अटेंडेंस रजिस्टर को लेकर हुई। एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने आरोप लगाया कि रजिस्टर को इस तरह अलग रखा गया था ताकि जेल में बंद पार्षद सुगाथन बाद में उस पर हस्ताक्षर कर सकें।
जब यूडीएफ पार्षद रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने लगे तो भाजपा सदस्यों ने रजिस्टर छीन लिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विपक्षी सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि इस झड़प के दौरान रजिस्टर फाड़ने की कोशिश की गई।
इसके बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बीजेपी, एलडीएफ और यूडीएफ पार्षदों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई, जिससे परिषद की बैठक पूरी तरह ठप हो गई।
हंगामे के बीच एलडीएफ परिषद दल के नेता एस.पी. दीपक ने मांग की कि सुगाथन के इस्तीफे के मुद्दे को तुरंत एजेंडा में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि केरल एंटी-सोशल एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट के तहत हिरासत में लिए गए पार्षद का पद पर बने रहना उचित नहीं है।
यूडीएफ पार्षदों ने विरोध तेज करते हुए नारेबाजी की, पोस्टर दिखाए और सदन के वेल में पहुंच गए।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए यूडीएफ पार्षद के.एस. सबरीनाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षद चेम्पाझांथी उदयन ने झड़प के दौरान कई विपक्षी सदस्यों, जिनमें महिला पार्षद भी शामिल थीं, के साथ हाथापाई की।
लगातार विरोध के बावजूद भाजपा के नेतृत्व वाले प्रशासन ने एजेंडा की कार्यवाही पूरी की और जल्दबाजी में बैठक स्थगित कर दी।यूडीएफ और एलडीएफ ने इस कार्यवाही को अवैध बताते हुए खारिज कर दिया और आरोप लगाया कि सत्तापक्ष ने लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी की है।
एक दिन पहले निगम कार्यालय में हुए विरोध प्रदर्शन में एलडीएफ पार्षदों के घायल होने के बाद स्थिति पहले से ही तनावपूर्ण थी। हालात बिगड़ने से रोकने के लिए निगम परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

