Samachar Nama
×

गुजरात पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा, लाखों रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए

गुजरात पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा, लाखों रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए
गुजरात पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा, लाखों रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए

अहमदाबाद, 18 नवंबर (आईएएनएस)। नशीले पदार्थों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान में अहमदाबाद शहर की पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत चार मामले दर्ज किए और पांच लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही, एक ही रात में प्रतिबंधित कफ सिरप की 549 बोतलें और 524 ग्राम गांजा जब्त किया।

यह ऑपरेशन 18 नवंबर को जोन-7 पुलिस द्वारा 'अहमदाबाद शहर में नशीले पदार्थों का कोई स्थान नहीं' (नो ड्रग्स इन अहमदाबाद सिटी) अभियान के तहत चलाया गया था। इस अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों की बिक्री और सप्लाई पर रोक लगाना तथा युवाओं को नशे की लत से बचाना है।

पुलिस उपायुक्त (जोन-7) शिवम वर्मा ने बताया कि नशीले पदार्थों के सप्लायरों और बेचने वालों की पहचान करने के लिए, ह्यूमन इंटेलिजेंस और मुखबिर नेटवर्क को मजबूत करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत पूरे जोन में एक विशेष एनडीपीएस अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया, "पुलिस सब-इंस्पेक्टर एचडी वाघेला के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। इसमें एम और एन डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त, जोन-7 के सभी पुलिस थानों के इंस्पेक्टर और लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) के अधिकारी शामिल थे। इस टीम ने सघन गश्त की और तलाशी अभियान (कॉम्बिंग ऑपरेशन) चलाया।"

एलसीबी टीम ने तीन मामले पकड़े, जबकि एक मामला वेजलपुर पुलिस ने पकड़ा।

पहले मामले में, आनंदनगर पुलिस ने 32 वर्षीय पवन सोनी और 34 वर्षीय महबूब इब्राहिमभाई खलीफा को गिरफ्तार किया। उनके पास से प्रतिबंधित कफ सिरप की 480 सीलबंद बोतलें जब्त की गईं, जिनकी कीमत 5.64 लाख रुपए है।

इसके अलावा, 1.8 लाख रुपए के चार मोबाइल फोन, 17,600 रुपए नकद और एक लाख रुपए कीमत की एक कार भी जब्त की गई। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य सात लाख रुपये था।

एक अलग मामले में वेजलपुर पुलिस ने 48 वर्षीय इमरान मंसूरी को गिरफ्तार किया और 81,178.50 रुपए कीमत की कफ सिरप की 69 सीलबंद बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा, एक ऑटो-रिक्शा, एक कार, एक मोबाइल फोन और 1,160 रुपए नकद भी जब्त किए गए। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 1,62,338.50 रुपए था।

वेजलपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक अन्य मामले में 28 वर्षीय मेहराब खान उर्फ ​​मेहताब खान अयूब खान पठान को 21,350 रुपए कीमत के 427 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।

वासना पुलिस ने चौथा मामला दर्ज किया और 37 वर्षीय इरशाद अली उर्फ ​​शाहरुख असमत अली सैयद को 4,850 रुपए कीमत के 97 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने 2,657 रुपए नकद, एक काला प्लास्टिक बैग और एक काली हुडी जैकेट भी जब्त की। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 7,507 रुपए था।

ये चारों मामले एनडीपीएस एक्ट, 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं। वेजलपुर के कफ सिरप वाले मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 283 भी शामिल है।

यह कार्रवाई शहर की पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के सप्लायरों और सड़क स्तर पर इन्हें बेचने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने के अभियान का हिस्सा है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags