Samachar Nama
×

ऑपरेशन एपिक फ्यूरी सही, बाद में अमेरिका ने ईरानी नेताओं से बातचीत में गंवाया गया वक्त : निक्की हेली

ऑपरेशन एपिक फ्यूरी सही, बाद में अमेरिका ने ईरानी नेताओं से बातचीत में गंवाया गया वक्त : निक्की हेली
ऑपरेशन एपिक फ्यूरी सही, बाद में अमेरिका ने ईरानी नेताओं से बातचीत में गंवाया गया वक्त : निक्की हेली

वाशिंगटन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका की पूर्व संयुक्त राष्ट्र राजदूत निक्की हेली ने रविवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से आग्रह किया कि वह ईरान के साथ समझौते की बातचीत बंद करे और सैन्य व आर्थिक दबाव बनाए रखे। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन को इस टकराव को ऐसे खत्म करना चाहिए कि तेहरान फिर से अमेरिकी हितों को खतरा न पहुंचा सके।

एनबीसी के कार्यक्रम “मीट द प्रेस” में निक्की हेली ने ईरान के खिलाफ ट्रंप के शुरुआती सैन्य अभियान का समर्थन किया, लेकिन बाद में बातचीत के तरीके की आलोचना की। उन्होंने कहा, “समझौते की कोशिश बंद कीजिए। ईरानी शासन कभी समझौता नहीं करेगा।”

उनका तर्क था कि ईरानी नेताओं ने पहले भी बातचीत का इस्तेमाल समय बिताने और अपनी क्षमताओं को फिर से मजबूत करने के लिए किया है। उनकी यह टिप्पणी ट्रंप के उस बयान से अलग थी, जो उन्होंने गुरुवार को थैंक्सगिविंग पर्व के मौके पर अमेरिकी सैनिकों से बातचीत के दौरान दिया था। ट्रंप ने कहा था कि वाशिंगटन तेहरान को समझौता करने का मौका दे रहा है।

ट्रंप ने कहा था, “हम उन्हें समझौता करने और कई जानें बचाने का हर मौका दे रहे हैं, लेकिन मुझे नहीं पता कि वे इसका फायदा उठाएंगे या नहीं।”

भारतीय मूल की रिपब्लिकन नेता हेली ट्रंप के पहले कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र में राजदूत थीं। उन्होंने यह टिप्पणी तब की, जब कार्यक्रम की मेजबान क्रिस्टन वेल्कर ने पूछा कि क्या उन्हें जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पर भरोसा है कि वे बातचीत से टकराव खत्म करा देंगे। हेली ने कहा कि अमेरिका को अपने सुरक्षा लक्ष्यों पर ध्यान देना चाहिए, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान के नियंत्रण को रोकना, तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना और अमेरिकियों के खिलाफ खतरों को खत्म करना शामिल है।

उन्होंने कहा, “हमें इस पर ध्यान देना चाहिए कि अमेरिका के लिए क्या अच्छा है, न कि ईरानी शासन के लिए क्या अच्छा है, न कि सिर्फ यह कहने के लिए कि आपने शांति समझौता कर लिया।”

उन्होंने कहा कि ईरान की सेना पर दबाव के साथ-साथ उन वित्तीय नेटवर्क पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, जो उनके अनुसार सरकार को चलाए रखते हैं। हेली ने रूस और चीन पर ईरान की मदद जारी रखने का आरोप लगाया और वाशिंगटन से उस समर्थन का मुकाबला करने का आग्रह किया। बातचीत की उनकी आलोचना बल प्रयोग के शुरुआती फैसले पर नहीं थी।

जब पूछा गया कि क्या युद्ध सार्थक था, तो हेली ने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी का बचाव किया और कहा कि ईरान के खिलाफ कार्रवाई में ट्रंप सही थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बाद में उन ईरानी नेताओं से बातचीत की कोशिश में समय गंवा दिया, जिन्हें वह भरोसेमंद नहीं मानतीं। उन्होंने कहा, “यह युद्ध खत्म हो सकता है, लेकिन आपको इसे सही तरीके से खत्म करना होगा।”

हेली ने अफगानिस्तान से अमेरिका की वापसी का उदाहरण देते हुए चेतावनी दी कि सैन्य अभियान को ऐसे खत्म नहीं करना चाहिए, जिससे विरोधी और मजबूत हो जाएं। ट्रंप ने गुरुवार को अपने बयान में दावा किया था कि अमेरिका जीत के करीब है। साथ ही उन्होंने दोहराया था कि ईरान को कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा। सैनिकों से बातचीत के दौरान उन्होंने किसी समझौते की घोषणा नहीं की।

--आईएएनएस

वीसी

Share this story

Tags