टीएमसी की पूर्व सांसद नुसरत जहां पूछताछ को ईडी के कोलकाता कार्यालय में पेश हुईं
कोलकाता, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेत्री से राजनेता बनी और पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की बसीरहाट सीट से तृणमूल कांग्रेस की पूर्व लोकसभा सांसद नुसरत जहां बुधवार सुबह कोलकाता के बाहरी इलाके में सॉल्ट लेक स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में पेश हुईं। नुसरत को राशन वितरण मामले के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
नुसरत जहां अपने पार्टनर और को-एक्टर यश दासगुप्ता के साथ बुधवार सुबह 10.45 बजे सेंट्रल गवर्नमेंट ऑफिस कॉम्प्लेक्स में ईडी के दफ्तर पहुंचीं। वह अपने साथ कई ऐसे दस्तावेज लाई थीं, जिन्हें ईडी के जांच अधिकारियों ने उनसे लाने के लिए कहा था।
सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में जहां ने एजेंसी के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में पेश होने की इजाजत मांगी थी क्योंकि बुधवार को उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में रहना था।
हालांकि, ईडी ने उनकी इस अर्जी को खारिज कर दिया, जिसके बाद आखिरकार बुधवार को वह ईडी के सॉल्ट लेक स्थित दफ्तर पहुंचीं।
दरअसल, कोरोना के कारण लॉकडाउन के दौरान पश्चिम बंगाल के बसीरहाट के सीमावर्ती इलाकों में गेहूं और चावल की बांग्लादेश में तस्करी के आरोप में कई ट्रक जब्त किए गए थे। उस समय नुसरत बसीरहाट से सांसद थीं।
सूत्रों के मुताबिक, कथित राशन तस्करी की जांच के दौरान कई नाम सामने आए हैं और अधिकारी उनसे बांग्लादेश में गेहूं की तस्करी के मामले में पूछताछ करना चाहते हैं।
इससे पहले 2023 में भी ईडी ने सीजीओ कॉम्प्लेक्स में एक फ्लैट धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में नुसरत से करीब छह घंटे तक पूछताछ की थी। भाजपा नेता शंकुदेव पांडा ने अभिनेत्री पर इस कथित धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप लगाया था और ईडी में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। 2014-15 में एक कंपनी ने 400 से अधिक बुजुर्गों से 1,000 वर्ग फीट के फ्लैट देने का वादा करके हर किसी से 5.5 लाख रुपये जमा कराए थे। हालांकि, न तो फ्लैट दिए गए और न ही पैसे वापस किए गए। नुसरत उस कंपनी में डायरेक्टर थीं। हालांकि, उन्होंने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।
इससे पहले 28 जनवरी को जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंदर डुडेजा की बेंच ने एनआईए को यासीन मलिक के विस्तृत जवाब पर अपना जवाब दाखिल करने के लिए चार हफ्ते का समय दिया था। कोर्ट ने इसे एजेंसी के लिए आखिरी मौका भी बताया था। सुनवाई के दौरान यासीन मलिक तिहाड़ जेल से वर्चुअल पेश हुआ था।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

