बंगाल: हुमायूं कबीर ने टीएमसी और एआईएमआईएम पर 20 करोड़ रुपए की डील का लगाया आरोप
कोलकाता, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। विवादित वीडियो सामने आने के बाद हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के साथ एआईएमआईएम ने गठबंधन तोड़ दिया। विवादों के बीच एजेयूपी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने तृणमूल कांग्रेस पर उनके खिलाफ 'डील' करने का आरोप लगाया।
हुमायूं कबीर ने दावा किया कि विधानसभा चुनावों से पहले आम जनता उन्नयन पार्टी को घेरने के लिए तृणमूल ने एआईएमआईएम के साथ मिलकर एक 'फर्जी वीडियो' जारी किया है। उन्होंने इस मामले को कोर्ट ले जाने की भी धमकी दी। शनिवार दोपहर को मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुमायूं ने टीएमसी और एआईएमआईएम नेतृत्व पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल ने एआईएमआईएम के कुछ नेताओं के साथ बड़े पैमाने पर पैसों का लेन-देन किया है। भरतपुर से निवर्तमान विधायक ने दावा किया कि उनका जो वीडियो सामने आया है और जिसने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है, वह सच नहीं है।
गठबंधन टूटने के लिए एआईएमआईएम के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष इमरान सोलंकी और मुर्शिदाबाद जिला अध्यक्ष असदुल शेख को जिम्मेदार ठहराते हुए हुमायूं ने कहा कि जंगीपुर से तृणमूल सांसद खलीलुर रहमान और तृणमूल के एक प्रतिनिधि ने एआईएमआईएम के दो नेताओं के साथ 20 करोड़ रुपए की 'डील' की थी। उन्हें पहले ही 2 करोड़ रुपए का 'एडवांस' मिल चुका है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मेरा जो वीडियो सामने आया है, उसकी सच्चाई को बिना परखे, उन एआईएमआईएम नेताओं ने तृणमूल नेताओं से पैसे लिए और उसे असदुद्दीन ओवैसी के पास भेज दिया, और इसी वजह से यह गठबंधन टूट गया है।
एआईएमआईएम के मुर्शिदाबाद जिला अध्यक्ष असदुल ने हुमायूं के आरोपों को खारिज कर दिया है। हाल ही में उन्होंने अपने पुराने गठबंधन सहयोगी पर तंज कसते हुए कहा कि हुमायूं कबीर का दिमाग काम नहीं कर रहा है। जब तक वह यह साबित नहीं कर देते कि यह वीडियो ‘फर्जी’ है, तब तक एआईएमआईएम उनके साथ खड़ी नहीं हो सकती। वीडियो सामने आने के बाद हमने असदुद्दीन ओवैसी को एक रिपोर्ट भेजी थी। उसी के आधार पर हमारी पार्टी ने गठबंधन तोड़ने का फैसला किया है।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी

