कर्नाटक में शिकायतों के बाद घर-घर बांटे जाएंगे एसआईआर के फॉर्म
बेंगलुरु, 3 जुलाई (आईएएनएस)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्र घर-घर जाकर बांटने के बजाय दफ्तरों से दिए जाने की शिकायतों के बाद कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी. अंबु कुमार ने शुक्रवार को सभी उपायुक्तों को भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि रामनगर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कर्नाटक सरकार सीधे हस्तक्षेप कर रही है। उन्होंने मामले में कथित अनियमितताओं की तत्काल और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इससे पहले गुरुवार को केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने रामनगर जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि इस प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं के सबूत हैं।
सभी उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) को जारी निर्देश में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार हर घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करें। ये प्रपत्र सरकारी दफ्तरों या किसी अन्य तय स्थान से नहीं बांटे जाने चाहिए।
यह निर्देश राज्य के अलग-अलग हिस्सों से मिली शिकायतों के बाद जारी किया गया है। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि मतदाता सूची के चल रहे सत्यापन और प्रपत्र वितरण के दौरान घर-घर जाकर काम करने के तय नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोहराया कि एसआईआर प्रक्रिया को चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार ही सख्ती से संचालित किया जाना चाहिए और जिला प्रशासनों को निर्देश दिया कि वे सभी बूथस्तरीय अधिकारियों द्वारा पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।
इस संबंध में आधिकारिक सूचना बेंगलुरु के जिला निर्वाचन अधिकारी; ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) के मुख्य आयुक्त; सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों; जीबीए के विशेष आयुक्त (चुनाव); बीबीएमपी सेंट्रल, बीबीएमपी नॉर्थ और बीबीएमपी साउथ निर्वाचन क्षेत्रों के अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारियों और बेंगलुरु नगर निगमों (उत्तर, दक्षिण और मध्य) के आयुक्तों को जारी की गई है।
इस संबंध में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी और बेंगलुरु शहरी क्षेत्र के उपायुक्त को भी निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत के संदर्भ में 2 जुलाई को लिखे गए आधिकारिक पत्र में कहा गया है, "उपरोक्त विषय के संदर्भ में, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों और कार्यक्रम के अनुसार, कर्नाटक राज्य में 30 जून से मतदाताओं को जनगणना प्रपत्रों का वितरण शुरू हो गया है। हालांकि, कुछ शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें आरोप लगाया गया है कि मतदान अधिकारी घर-घर जाकर कार्यालयों से प्रपत्र वितरित नहीं कर रहे हैं।"
शिकायतों को देखते हुए सभी बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए जाएं कि वे भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार हर घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करें। साथ ही, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े सभी मामलों में निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में परेशानी हो, उन्हें मदद के लिए मतदाता सुविधा केंद्र जाने की जानकारी दी जाए और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम

