Samachar Nama
×

मुखर्जी के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर जनकल्याण के लिए करें काम : त्रिपुरा सीएम

अगरतला, 23 जून (आईएएनएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से आह्वान किया कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सिद्धांतों और आदर्शों का पालन करते हुए आगे बढ़ें तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान से प्रेरणा लें। उन्होंने मुखर्जी को ऐसा असाधारण व्यक्तित्व बताया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
मुखर्जी के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर जनकल्याण के लिए करें काम : त्रिपुरा सीएम

अगरतला, 23 जून (आईएएनएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से आह्वान किया कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सिद्धांतों और आदर्शों का पालन करते हुए आगे बढ़ें तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान से प्रेरणा लें। उन्होंने मुखर्जी को ऐसा असाधारण व्यक्तित्व बताया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, "हमें उनके सिद्धांतों और विचारधारा का अनुसरण करते हुए लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए।"

मुख्यमंत्री भाजपा के राज्य कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम महान देशभक्त, प्रसिद्ध शिक्षाविद, विचारक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में बोलते हुए माणिक साहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और त्रिपुरा सरकार, दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद के दर्शन का अनुसरण करते हुए समग्र विकास और जनकल्याण के लिए काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल 33 वर्ष की आयु में यूनिवर्सिटी ऑफ कलकत्ता के कुलपति बने थे और यह पद संभालने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, "भाजपा एक परिवार है और यदि हम इस परिवार को प्रेरित करने वाले महापुरुषों के आदर्शों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ेंगे तो एक सकारात्मक और रचनात्मक माहौल बनेगा। हमारे प्रधानमंत्री नए भारत के निर्माण की बात करते हैं और इस लक्ष्य को हासिल करने में हर राज्य की भूमिका है। त्रिपुरा भी विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।"

उन्होंने कहा कि सम्मानित परिवार में जन्म लेने के बावजूद श्यामा प्रसाद मुखर्जी हमेशा आम लोगों से जुड़े रहे और उनके हितों के लिए काम करते रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा, "उन्होंने अपने प्रतिष्ठित पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद एक सामान्य व्यक्ति की तरह जीवन जिया और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और प्रधानमंत्री मोदी की विचारधारा और दृष्टिकोण से प्रेरित होकर कई लोग भाजपा से जुड़े। इसी का परिणाम है कि आज भाजपा देश के लगभग 21 राज्यों में सरकार चला रही है।"

माणिक साहा ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और त्रिपुरा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा, "भाजपा की मजबूत नीतियां और स्पष्ट वैचारिक आधार है। हमें इन्हीं सिद्धांतों और आदर्शों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ते रहना चाहिए। तभी श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान का सही सम्मान होगा। उन्होंने हमें सिखाया कि सबसे पहले राष्ट्र, फिर पार्टी और उसके बाद व्यक्ति आता है।"

इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद राजीब भट्टाचार्जी, भाजपा के पूर्वोत्तर समन्वयक और सांसद संबित पात्रा, असम-त्रिपुरा संगठन महासचिव रविंद्र राजू, त्रिपुरा भाजपा प्रभारी राजदीप रॉय, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags