Samachar Nama
×

स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली में पांच जगहों पर बम की धमकी

स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली में पांच जगहों पर बम की धमकी
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली में पांच जगहों पर बम की धमकी

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बम की धमकियों से हड़कंप मच गया। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली के पांच अलग-अलग स्थानों पर बम विस्फोट की धमकी देने वाले कॉल आए।

डीएफएस के अनुसार, जिन जगहों पर धमकी भरे कॉल आए उनमें जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत में जिला मजिस्ट्रेट का कार्यालय, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का टर्मिनल 3 और दिल्ली कैंट में एसडीएम कार्यालय शामिल हैं।

सूचना मिलते ही सभी जगहों पर दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। जांच के दौरान अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।

इससे पहले 3 अगस्त को दिल्ली के मेयर कार्यालय को एक ईमेल मिला था। इसमें 15 अगस्त को लाल किले पर कई बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद राजधानी की सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे लाल किले के आसपास के इलाके की छानबीन की गई। जैसे ही मेयर कार्यालय को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली, उसने तुरंत दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी।

अलर्ट मिलते ही पुलिसकर्मी, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा टीमें ऐतिहासिक लाल किले पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच और सैनिटाइजेशन किया गया। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, बम की धमकी की जानकारी मिलने के बाद इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई और जांच शुरू की गई।

11 जुलाई को भी लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्मारक की बड़े स्तर पर जांच की थी। बाद में यह धमकी झूठी निकली थी।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, पिछले महीने की धमकी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आए एक फोन कॉल से शुरू हुई थी। कॉलर ने कथित तौर पर कहा था कि ऐतिहासिक लाल किले को उड़ा दिया जाएगा। मुंबई पुलिस ने तुरंत जानकारी दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को दी। वहां से नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस को अलर्ट किया गया और सुरक्षा इंतजाम शुरू किए गए।

पूरी जांच के बाद पुलिस अधिकारियों को कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और पुष्टि की गई कि धमकी झूठी थी।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags