पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच की मौत, पांच गंभीर
कोलकाता, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। दोनों दुर्घटनाएं दुर्गापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुईं। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (ईस्ट) रासप्रीत सिंह ने बताया कि रविवार सुबह दुर्गापुर में हुए दो हादसों में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, पहले हादसे में तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा टकराई। वहीं, दूसरे हादसे में एक चार पहिया वाहन ने पीछे से बस में टक्कर मार दी। पहली घटना में बाइक पर सवार दो युवक और एक महिला दुर्गापुर के भिरिंगी चौराहे की ओर से पियाला जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। गंभीर रूप से घायल तीनों को बचाकर दुर्गापुर उपमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद बाइक का अगला पहिया ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से बाइक और ट्रक को अलग कराया। पुलिस हादसे के समय बाइक की रफ्तार और इस बात की जांच कर रही है कि क्या बाइक सवार तीनों लोग नशे की हालत में थे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दूसरा हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दुर्गापुर से आसनसोल की ओर जाते समय अंदाल क्रॉसिंग सर्विस रोड में प्रवेश करने के दौरान हुआ। यहां एक चार पहिया वाहन पीछे से बस में टकरा गया। पुलिस के मुताबिक, कार में चालक समेत सात लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बचाकर बिधाननगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कार बस से कैसे टकराई और चालक ने वाहन से नियंत्रण कैसे खो दिया।
--आईएएनएस
डीएससी

