Samachar Nama
×

बंगाल: न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

बंगाल: न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद
बंगाल: न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

कोलकाता, 10 नवंबर (आईएएनएस)। न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवा को इंडियन ऑयल अंडरपास के निकट स्थित पुलिस चौकी से कई हथियार और कम से कम 150 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इतने घनी आबादी वाले इलाके में और पुलिस चौकी के इतने करीब हथियारों का भारी जखीरा मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) (ईस्ट) राणा मुखर्जी ने बताया, "एनजेपी इलाके में एक बैग से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। इन्हें वहां किसने रखा, क्यों रखा और किस मकसद से रखा, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।"

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबह निताई शील नाम के एक राहगीर ने पुलिस चौकी के पास एक संदिग्ध बैग पड़ा देखा। जब उसने बैग को थोड़ा खोलकर देखा, तो उसमें एक हथियार और काफी सारे कारतूस दिखाई दिए।

इसकी सूचना तुरंत एनजेपी पुलिस स्टेशन को दी गई। खबर मिलते ही एनजेपी पुलिस मौके पर पहुंची और हथियारों व कारतूसों से भरा वह बैग अपने कब्जे में ले लिया।

मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी सुभाष साहनी ने घबराहट जताते हुए कहा, "हम सुबह टहलने निकले थे, तभी अचानक यहां भीड़ देखी। बैग के अंदर बंदूकें और कारतूस मिले। हम जैसे आम लोगों का काम ऐसी चीजों को देखना या पकड़ना नहीं है, इसलिए हमने तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया।"

उन्होंने चिंता जताते हुए आगे कहा, "यहां न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन है और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का एक महत्वपूर्ण कार्यालय भी है। हमें इस बात का डर है कि इतने महत्वपूर्ण और घनी आबादी वाले इलाके में ये हथियार किसने और किस मकसद से छोड़े हैं। सड़क पर इस तरह की चीजें मिलना सुरक्षा के लिहाज से बेहद चिंताजनक है। पुलिस प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और तुरंत इसकी उचित जांच करनी चाहिए।"

इंडियन ऑयल और एनजेपी से सटे इस इलाके में उपद्रवियों द्वारा हिंसा की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। एनजेपी पुलिस ने इस बात का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी है कि यह बैग किसने यहां छोड़ा और क्या इसके पीछे किसी बड़ी तोड़फोड़ या साजिश की योजना थी।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags