Samachar Nama
×

अभिषेक बनर्जी के कैमैक स्ट्रीट स्थित ऑफिस में पाई गईं सुरक्षा कमियां, दमकल विभाग ने एनओसी रोकी

अभिषेक बनर्जी के कैमैक स्ट्रीट स्थित ऑफिस में पाई गईं सुरक्षा कमियां, दमकल विभाग ने एनओसी रोकी
अभिषेक बनर्जी के कैमैक स्ट्रीट स्थित ऑफिस में पाई गईं सुरक्षा कमियां, दमकल विभाग ने एनओसी रोकी

कोलकाता, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के कैमेक स्ट्रीट स्थित कार्यालय और इमारत की अग्निशमन प्रणाली में कमियां पाई गई है। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग और पुलिस अधिकारियों के निरीक्षण में ये बात सामने आई।

गुरुवार दोपहर फायर डिपार्टमेंट और शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन की एक टीम ने फायर-सेफ्टी इंतजामों और सुरक्षा नियमों के पालन की जांच करने के लिए परिसर का दौरा किया। यह निरीक्षण कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद किया गया।

निरीक्षण के बाद फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया कि फायर फाइटिंग सिस्टम में कुछ कमियां पाई गई हैं, जिन्हें ठीक करने के लिए वहां मौजूद लोगों ने कुछ समय मांगा है। अधिकारी ने साफ किया कि जब तक सभी कमियां दूर नहीं हो जातीं, तब तक 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (एनओसी) जारी नहीं किया जाएगा।

अधिकारी ने कहा, "फायर फाइटिंग सिस्टम में कुछ कमियां थीं। उन्होंने कुछ समय मांगा है। अगर सब कुछ ठीक नहीं होता है, तो हम एनओसी नहीं देंगे। कितना समय दिया जाएगा, यह कोर्ट तय करेगा। हमें जो भी जानकारी देनी होगी, हम कोर्ट को देंगे।"

आरोप थे कि कैमेक स्ट्रीट की जिस इमारत में अभिषेक बनर्जी का ऑफिस है, वहां के फ्लोर पर फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इस शिकायत के आधार पर ऑफिस खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। सूत्रों के मुताबिक, इमारत के मालिक ने भी ऑफिस खाली करने के लिए कहा है।

ममता बनर्जी गुट की तृणमूल कांग्रेस ने फायर डिपार्टमेंट के आदेश को चुनौती देते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले की सुनवाई जस्टिस कृष्ण राव की बेंच ने की।

कोर्ट ने कहा कि अगर फायर डिपार्टमेंट दोबारा ऑफिस का निरीक्षण करना चाहता है तो उसे पहले नोटिस देना होगा। इस नोटिस में निरीक्षण की तारीख और समय का साफ तौर पर जिक्र होगा।

मंगलवार को फायर डिपार्टमेंट ने कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए निरीक्षण के संबंध में एक नोटिस जारी किया था। इसके बाद, गुरुवार को पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी फिर से कैमेक स्ट्रीट स्थित ऑफिस पहुंचे थे।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story