उत्तर प्रदेश: बरेली के नवोदय अस्पताल में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
बरेली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली में एक पांच मंजिला नवोदय अस्पताल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। इससे पूरी इमारत में घना धुआं फैल गया। आनन-फानन में सभी मरीजों को सुरक्षित तरीके निकालकर नजदीकी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
अधिकारियों ने बताया कि बरेली के कर्मचारी नगर स्थित नवोदय अस्पताल में सुबह करीब 10 बजे सबसे ऊपरी मंजिल के एक कमरे में आग लगी। वह ओपीडी का समय था और अस्पताल में काफी भीड़ थी। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय आईसीयू और दूसरे वार्डों में करीब 100 मरीज व उनके साथ आए लोग मौजूद थे। आग लगने के कारण अस्पताल के अंदर मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
हर मंजिल पर फायर अलार्म बजने लगे, जिससे मरीजों उनके साथ आए लोगों और अस्पताल के कर्मचारियों में दहशत फैल गई। ग की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बचाव व आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
एहतियात के तौर पर आग लगने के बाद अस्पताल प्रशासन ने एम्बुलेंस का इंतजाम किया और सभी मरीजों को पास के अस्पतालों में भेज दिया।
आग लगने की वजह एमसीवी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, जिसके बाद इमारत के अलग-अलग हिस्सों में धुआं फैलने लगा। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि आग लगने की सही वजह और सबसे ऊपरी मंजिल पर आग कैसे लगी, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को महाराष्ट्र के अमरावती में जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु कक्ष (एनआईसीयू) में आग लगने के कारण तीन नवजातों की मौत हो गई थी। छह अन्य का अभी भी स्थानीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
--आईएएनएस
डीसीएच/

