Samachar Nama
×

कोलकाता में टीएमसी नेताओं पर एफआईआर, ट्रैफिक जाम करने के आरोप में एक्शन

कोलकाता में टीएमसी नेताओं पर एफआईआर, ट्रैफिक जाम करने के आरोप में एक्शन
कोलकाता में टीएमसी नेताओं पर एफआईआर, ट्रैफिक जाम करने के आरोप में एक्शन

कोलकाता, 29 जून (आईएएनएस)। ट्रैफिक बाधित करने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता कुणाल घोष, डोला सेन और बैसवानर चट्टोपाध्याय के खिलाफ सोमवार को हरे स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस के अनुसार, रविवार को ये टीएमसी नेता कोलकाता के सेंट्रल इलाके एस्प्लेनेड में विक्टोरिया हाउस के सामने सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे, ताकि पार्टी के 21 जुलाई के शहीद दिवस कार्यक्रम के लिए मंच लगाने की तैयारी की जा सके।

इस दौरान सड़क पर भीड़ और गतिविधियों के कारण पीक आवर्स में यातायात बाधित हुआ और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी वजह से तीनों नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

एफआईआर में कहा गया है कि 28 जून को दोपहर 2:50 बजे से 4:00 बजे तक इन नेताओं ने सड़क को बाधित किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हरे स्ट्रीट पुलिस ने तीनों नेताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

इस बीच, सीएम सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना को लेकर टीएमसी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर ही 21 जुलाई कार्यक्रम को लेकर मतभेद हैं।

उन्होंने कहा कि पहले टीएमसी ने रानी रश्मोनी रोड पर रैली की अनुमति मांगी थी, लेकिन बाद में सड़क किनारे सभा की अनुमति दी गई। अब फिर नए कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी जा रही है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के एक धड़े का कहना है कि वे असली टीएमसी हैं, जबकि दूसरा धड़ा खुद को अलग बता रहा है।

वहीं, टीएमसी के 21 जुलाई के शहीद दिवस कार्यक्रम को लेकर पार्टी में आंतरिक विवाद भी सामने आया है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला धड़ा जहां कोलकाता पुलिस से एस्प्लेनेड में कार्यक्रम की अनुमति मांग रहा है, वहीं पार्टी का एक अलग गुट भी उसी कार्यक्रम के लिए अनुमति मांग रहा है।

यह कार्यक्रम हर साल 21 जुलाई को कोलकाता में आयोजित होता है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 1993 में हुए युवा कांग्रेस प्रदर्शन में मारे गए 13 लोगों की याद में जनसभा को संबोधित करती हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags