Samachar Nama
×

न्यूयॉर्क: मेयर ममदानी की नागरिकता को लेकर रिपब्लिकन सांसद ने उठाए सवाल

न्यूयॉर्क: मेयर ममदानी की नागरिकता को लेकर रिपब्लिकन सांसद ने उठाए सवाल
न्यूयॉर्क: मेयर ममदानी की नागरिकता को लेकर रिपब्लिकन सांसद ने उठाए सवाल

वाशिंगटन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की नागरिकता समाप्त करने और उन्हें देश से निर्वासित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। फ्लोरिडा के रिपब्लिकन सांसद रैंडी फाइन ने शनिवार को दोबारा यह मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि ममदानी ने अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के लिए आव्रजन संबंधी दस्तावेजों में झूठी जानकारी दी थी।

फाइन की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब ममदानी ने न्यूयॉर्क के लोगों के लिए आव्रजन संबंधी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने वाली सेवा का प्रचार किया है। हालांकि, सांसद के आरोप राजनीतिक दावे हैं। ऐसा कोई न्यायिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि ममदानी ने गलत जानकारी देकर अमेरिकी नागरिकता हासिल की थी।

फाइन ने गुरुवार को न्यूजमैक्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा, ''मुझे लगता है कि जोहरान ममदानी को निर्वासित कर देना चाहिए।''

उन्होंने मेयर पर नागरिकता आवेदन के दौरान आव्रजन संबंधी दस्तावेजों में झूठ बोलने का आरोप लगाया। शुक्रवार को उन्होंने इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए 'येप (हां)' लिखा।

शनिवार को दोबारा लिखा, ''उन्हें नागरिकता से वंचित कर तुरंत निर्वासित किया जाए।'' इससे एक दिन पहले उन्होंने आव्रजन धोखाधड़ी के जरिए नागरिकता हासिल करने वाले लोगों के खिलाफ व्यापक स्तर पर नागरिकता समाप्त करने की कार्रवाई की मांग की थी और इसकी शुरुआत ममदानी से करने की बात कही थी।

युगांडा में जन्मे ममदानी ने 2018 में अमेरिकी नागरिकता हासिल की थी। वह न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर हैं। अमेरिकी कानून के तहत किसी सांसद के पास अपने स्तर पर किसी व्यक्ति की नागरिकता रद्द करने या उसे निर्वासित करने का अधिकार नहीं है।

फाइन की ताजा टिप्पणियों की पृष्ठभूमि में ममदानी की 24 नवंबर की सोशल मीडिया पोस्ट भी है। इसमें उन्होंने न्यूयॉर्क के लोगों को शहर की इमिग्रेशन लीगल सपोर्ट हॉटलाइन के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) की कार्रवाई की आलोचना करते हुए परिवारों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया था।

ममदानी की नागरिकता को लेकर यह विवाद नया नहीं है। पिछले साल उनके मेयर चुने जाने से पहले भी फाइन और कुछ अन्य रिपब्लिकन सांसदों ने इसी तरह के आरोप लगाए थे। हालांकि, 7 नवंबर 2025 को प्रकाशित पोलिटिफैक्ट की तथ्य-जांच में ममदानी के नागरिकता आवेदन में झूठ बोलने के आरोपों के समर्थन में कोई विश्वसनीय सबूत नहीं मिला था।

अमेरिकी संघीय कानून के तहत किसी व्यक्ति की नागरिकता समाप्त करने के लिए अलग-अलग दीवानी और आपराधिक कानूनी प्रक्रियाएं निर्धारित हैं। दीवानी मामले में सरकार संघीय जिला अदालत में नागरिकता रद्द करने की मांग कर सकती है। इसके लिए यह साबित करना होता है कि संबंधित व्यक्ति ने गैरकानूनी तरीके से नागरिकता हासिल की या कोई महत्वपूर्ण तथ्य छिपाकर अथवा जानबूझकर गलत जानकारी देकर नागरिकता प्राप्त की।

ऐसी किसी भी कार्रवाई में संबंधित व्यक्ति को सरकार के आरोपों का जवाब देने और अपना पक्ष रखने का कानूनी अवसर मिलता है।

इस मामले ने अमेरिका में आव्रजन नीति, नागरिकता के अधिकार और राजनीतिक विरोध के बीच बढ़ते टकराव को फिर चर्चा में ला दिया है।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story