फीफा वर्ल्डकप 2026: हनी के 'सेल्फ गोल' की वजह से मिस्र बेल्जियम के खिलाफ ऐतिहासिक जीत से चूका
सिएटल, 16 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप 'जी' के अपने पहले मुकाबले में बेल्जियम के साथ 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद मिस्र को ऐतिहासिक जीत का मौका गंवाने का अफसोस रहा।
'फराओ' के नाम से मशहूर मिस्र की टीम ने अनुशासित और जुझारू खेल का प्रदर्शन किया। 19वें मिनट में इमाम अशूर के गोल से ऐसा लग रहा था कि टीम अपनी पहली वर्ल्ड कप जीत की ओर बढ़ रही है। इस हमले की शुरुआत मोहम्मद सलाह के शानदार खेल से हुई, जिनके सटीक पास ने बेल्जियम के डिफेंस को भेद दिया। अशूर ने गेंद को बेहतरीन तरीके से नियंत्रित किया और गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ को छकाते हुए जोरदार लो-शॉट लगाकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल दाग दिया।
मिस्र ने दूसरे हाफ में भी अपनी बढ़त बरकरार रखी और लंबे समय तक बेल्जियम के स्टार खिलाड़ियों से सजे आक्रमण को रोके रखा।
हालांकि, 66वें मिनट में बेल्जियम ने वापसी कर ली। बेंच से मैदान पर आने के कुछ ही देर बाद रोमेलु लुकाकू की मौजूदगी ने मिस्र के डिफेंस में खलबली मचा दी। थॉमस मुनियर ने एक खतरनाक क्रॉस दिया और डिफेंडर मोहम्मद हनी ने दुर्भाग्यवश गेंद अपने ही नेट में डाल दी, जिससे बेल्जियम को बराबरी का गोल मिल गया।
गोल खाने की निराशा के बावजूद मिस्र का प्रदर्शन फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर उसकी प्रगति का अहम संकेत रहा। उत्तरी अफ्रीकी टीम ने न केवल एक महत्वपूर्ण अंक हासिल किया, बल्कि वर्ल्ड कप मैचों में बढ़त बनाए रखने के अपने पिछले 29 मिनट के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
इस नतीजे के बाद ग्रुप 'जी' का मुकाबला और रोचक हो गया है। मिस्र को इस प्रदर्शन से काफी आत्मविश्वास मिला है, क्योंकि उसने यूरोप की पारंपरिक दिग्गज टीमों में से एक बेल्जियम को कड़ी टक्कर दी।
फीफा के अनुसार, बेल्जियम के कोच रूडी गार्सिया ने कहा, "वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट का पहला मैच हमेशा मुश्किल होता है, खासकर मिस्र जैसी अफ्रीका की शीर्ष टीमों में से एक के खिलाफ। सबसे अहम बात यह है कि हम खेल में बने रहे। हम बेंच से आए खिलाड़ियों की मदद से बराबरी करने में सफल रहे, जो दिखाता है कि पूरी टीम कितनी महत्वपूर्ण है। यह दो बहुत अच्छी टीमों के बीच शानदार मुकाबला था।"
मिस्र के फॉरवर्ड हम्जा अब्देलकरीम ने कहा, "आखिर में हमें एक अंक मिला, लेकिन हमने अपना सब कुछ झोंक दिया। हम जानते हैं कि बेल्जियम बेहतरीन खिलाड़ियों वाली मजबूत टीम है। माहौल भी शानदार था, इसलिए हमें प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना चाहिए।"
गोल करने वाले खिलाड़ियों में मिस्र के इमाम अशूर (19वां मिनट) और बेल्जियम के लिए मोहम्मद हनी (ओन गोल, 66वां मिनट) शामिल रहे।
--आईएएनएस
एससीएच/एएस

