Samachar Nama
×

चेन्नई में कुआं साफ करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत

चेन्नई में कुआं साफ करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत
चेन्नई में कुआं साफ करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत

चेन्नई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। बुधवार को चेन्नई के सोवकारपेट इलाके में एक घर में कुएं की सफाई और गाद निकालने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से 55 वर्षीय एक व्यक्ति और उनके 25 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।

पिता के बेहोश होकर गिरने पर बेटे ने उन्हें बचाने के लिए कुएं में प्रवेश किया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया।

मृतकों की पहचान 55 वर्षीय रवि और 25 वर्षीय अय्यनार के रूप में हुई है। दोनों तिरुवन्नमलाई जिले के रहने वाले थे।

पुलिस ने बताया कि सोवकारपेट के रहने वाले व्यवसायी प्रशांत ने इन दोनों लोगों को अपने घर में मौजूद कुएं की सफाई के लिए काम पर रखा था।

शुरुआती जांच के अनुसार, रवि एक अस्थायी सीढ़ी के जरिए कुएं में उतरे और जमा हुई गाद को हटाने लगे। कुएं की तलहटी में काम करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से वे बेहोश हो गए और पानी में गिर पड़े।

कुएं के बाहर मौजूद अय्यनार ने अपने पिता को गिरते हुए देखा और उन्हें बचाने के लिए तुरंत नीचे उतरे। हालांकि, रवि को बाहर निकालने से पहले ही वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए और बेहोश होकर गिर पड़े।

घर में मौजूद लोगों ने पुलिस और तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा को सूचना दी।

बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और कुएं के अंदर की स्थिति का जायजा लेने के बाद बचाव कार्य शुरू किया।

सुरक्षा उपकरण पहने अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों ने कुएं में उतरकर पिता और पुत्र को बाहर निकाला।

बचाव कर्मियों ने सुरक्षा उपकरण इसलिए पहने क्योंकि तंग और कम हवादार जगह में खतरनाक गैसों के होने की आशंका थी।

दोनों को एम्बुलेंस से चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया।

जांच करने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृत्यु के सटीक कारण का पता लगाने के लिए उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस को संदेह है कि खराब वेंटिलेशन वाले कुएं के अंदर जहरीली गैस जमा हो गई, जिसके कारण कुछ ही समय में दोनों व्यक्ति बेहोश हो गए।

हालांकि, गैस की सटीक प्रकृति का अभी पता नहीं चल पाया है।

एलिफेंट गेट पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

जांचकर्ता उन परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं, जिनमें व्यक्तियों को काम पर लगाया गया था और क्या कुएं में प्रवेश करने से पहले पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए थे।

पुलिस द्वारा मकान मालिक और घटना के समय मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ किए जाने की संभावना है।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags