Samachar Nama
×

गुजरात: फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला से ठगे 14.50 लाख रुपए

गुजरात: फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला से ठगे 14.50 लाख रुपए
गुजरात: फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला से ठगे 14.50 लाख रुपए

सूरत, 20 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के सूरत शहर की एक सेवानिवृत्त महिला को ठगों ने लगभग दो सप्ताह तक 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा। खुद को महाराष्ट्र पुलिस का अधिकारी बताने वाले इन ठगों ने 73 वर्षीय महिला को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार करने की धमकी दी और उससे 14.50 लाख रुपए ठग लिए।

एफआईआर के मुताबिक, यह धोखाधड़ी 21 अक्टूबर से 4 नवंबर के बीच हुई। आरोपियों ने महिला से व्हाट्सएप वॉयस और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया और खुद को महाराष्ट्र के नासिक जिले के पंचवटी पुलिस स्टेशन का इंस्पेक्टर वजेसिंह पाटिल बताया।

वीडियो कॉल के दौरान, अपनी पहचान को असली दिखाने के लिए कॉलर ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी।

अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया, "आरोपियों ने महिला से कहा कि उसके नाम पर जारी केनरा बैंक के एक डेबिट कार्ड का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर वित्तीय लेनदेन के लिए किया गया है।"

उन्होंने आगे बताया, "अपनी बात को सच साबित करने के लिए, उन्होंने महिला को कुछ फर्जी पत्र भेजे, जिन पर मुंबई पुलिस का लोगो था और साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और भारत सरकार के नाम लिखे हुए थे।"

ठगों ने महिला से कहा कि उसका नाम मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी के एक मामले में सामने आया है, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है और उसके नाम पर गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया है।

उन्होंने धमकी दी कि अगर वह जांच में सहयोग नहीं करती है, तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इन धमकियों के दबाव में, महिला को 21 अक्टूबर से 3 नवंबर तक 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा गया।

इसके बाद आरोपियों ने महिला से कहा कि सत्यापन के लिए उसे अपने बैंक खाते में मौजूद पैसे ट्रांसफर करने होंगे। उनकी बातों पर भरोसा करते हुए, महिला ने आरटीजीएस के जरिए कुल 14.50 लाख रुपए आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।

यह रकम डरा-धमकाकर और धोखा देकर हासिल की गई थी, जिसे वापस नहीं किया गया।

इस एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308(7), 204, 205, 338, 336(3), 340(2), 318(4), 319(1), 61(2) और 3(5), तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (2008 में संशोधित) की धारा 66(सी) और 66(डी) लगाई गई हैं।

यह शिकायत 18 नवंबर को सूरत के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। मामले की आगे की जांच चल रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story

Tags