Samachar Nama
×

'जब पीएम मोदी ने बात की तो हर कोई इमोशनल हो गया', स्मित के ससुराल वालों ने जताया आभार

'जब पीएम मोदी ने बात की तो हर कोई इमोशनल हो गया', स्मित के ससुराल वालों ने जताया आभार

मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। कैप्टन स्मित मच्छार के ससुराल वालों ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्लाईदुबई के घायल पायलट से बात करते देख परिवार भावुक हो गया। उन्होंने स्मित को देश भर से मिले समर्थन और सराहना के लिए आभार व्यक्त किया।

दरअसल, भारतीय पायलट ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 में 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाई थी। को-पायलट के हमले के बावजूद उन्होंने विमान को सुरक्षित सऊदी अरब के तबुक में डायवर्ट किया। उड़ान के दौरान एक बड़े संकट को टालने में मदद करने के दौरान वे घायल हो गए थे।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से ​​बात करते हुए मच्छार की साली नीरवा जोगी ने कहा, "हमें बहुत तारीफ मिल रही है और हम इससे बहुत अभिभूत हैं... उन्हें मिल रहे प्यार और दुआओं के लिए हम सभी का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। हम बहुत विनम्र महसूस कर रहे हैं।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या परिवार ने पायलट से बात की है, तो उन्होंने कहा, "हां, हमने उनसे बात की। वह ठीक हैं। शुरुआती 24 से 36 घंटे बहुत तनावपूर्ण थे क्योंकि परिवार का कोई भी सदस्य उनसे मिल नहीं पाया था। लेकिन जब वे उनसे मिले, तो सभी ने राहत महसूस की। उन्हें कई गहरे घाव हैं, लेकिन वे धीरे-धीरे ठीक हो जाएंगे।"

प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत पर नीरवा जोगी ने कहा कि जब पीएम मोदी ने उनसे बात की तो सभी बहुत भावुक हो गए।

मच्छर के साले अंकित जोगी ने कहा कि हमारे लिए यह बहुत गर्व की बात है कि विधायक आज हमारे घर आए हैं। हम बहुत खुश हैं। हमारे जीजाजी के किए गए कामों की वजह से हमें लगातार लोगों की शुभकामनाएं मिल रही हैं। हमें बहुत खुशी है कि इतने बड़े लोग हमारे घर आए हैं। हमने उनसे बात की और उन्होंने कहा कि वे हमारा साथ देने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी हमें किसी चीज की जरूरत होगी, वे हमारी मदद के लिए मौजूद रहेंगे। यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है।"

मच्छार के चाचा किशोरभाई मच्छार ने कहा कि मेरी स्मित से बात नहीं हुई है। सिर्फ उसके माता-पिता ही उससे अस्पताल में मिलने गए थे। मैंने उसके पिता से बात की और उन्होंने मुझे बताया कि स्मित ठीक है। हम बस यही चाहते हैं कि वह घर आ जाए। फिर हम जोर-शोर से जश्न मनाएंगे।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags