Samachar Nama
×

उत्तराखंड के आठ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

उत्तराखंड के आठ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
उत्तराखंड के आठ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

देहरादून, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विभाग की ओर से उत्तराखंड के 8 जिलों को अगले पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट पर रखा गया है। मौसम के फिर से करवट लेने पर देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि इन जिलों में बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्के बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक राज्य के सभी जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने बताया कि 4200 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। आईएमडी के अनुसार, पिछले शनिवार को राज्य से मानसून के जाने के बाद अब वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से मौसम में बदलाव का अनुमान है।

आईएमडी के मुताबिक, इस बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है, मंगलवार और बुधवार को बारिश और आंधी-तूफान से मौजूदा प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ह्यूमिडिटी 45 ​​से 55 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 7 अक्टूबर को दिल्ली में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, और तापमान 34 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

इसी तरह, 8 अक्टूबर को हल्के बादल छाए रहने की उम्मीद है, और तापमान 34 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 9 अक्टूबर को तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है, जब अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

10 और 11 अक्टूबर को भी हल्के बादल छाए रहने की उम्मीद है, और तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव और तेज़ हवाओं की वजह से दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हवा की क्वालिटी में थोड़ा सुधार हुआ है। हालांकि, प्रदूषण का स्तर बढ़ा है।

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story

Tags