Samachar Nama
×

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर मिस्र और सऊदी ने जताई चिंता, तनाव कम करने की अपील

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर मिस्र और सऊदी ने जताई चिंता, तनाव कम करने की अपील
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर मिस्र और सऊदी ने जताई चिंता, तनाव कम करने की अपील

काहिरा, 13 जुलाई (आईएएनएस)। मिस्र और सऊदी अरब ने अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही की सुरक्षा बनाए रखने और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को शांत करने की अपील की।

यह बात मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलट्टी और सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद के बीच हुई फोन पर बातचीत के दौरान कही गई। मिस्र के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

जानकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात की सुरक्षा और जहाजों की आवाजाही को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समुद्री रास्तों पर किसी तरह की रुकावट आती है, तो इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा पर पड़ सकता है।

बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चर्चा की। उन्होंने खाड़ी देशों और जॉर्डन पर ईरान के हमलों की निंदा की और सभी पक्षों से तुरंत तनाव बढ़ाने वाली गतिविधियां रोकने की अपील की।

अर्ध-सरकारी मेहर समाचार एजेंसी ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया क‍ि ईरान के दक्षिणी होर्मोजगन प्रांत के बंदर अब्बास बंदरगाह शहर और केशम द्वीप के आसपास सोमवार दोपहर धमाकों की आवाजें सुनी गईं। रिपोर्ट के अनुसार, धमाकों की आवाजें शहर से दूर इलाकों से आईं और ऐसा लग रहा था कि उनका केंद्र बंदर अब्बास के पश्चिमी तट के आसपास था।

मेहर एजेंसी ने बताया कि ये धमाके होर्मुज स्ट्रेट और आसपास के समुद्री इलाकों में चल रही झड़पों से जुड़े हो सकते हैं।

होर्मोजगन प्रांत के अधिकारियों ने कहा कि बंदर अब्बास और केशम द्वीप पर अमेरिका के ताजा हमलों में किसी के हताहत होने या घरों और व्यापारिक इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। वहीं, बहरीन रक्षा बल ने सोमवार को कहा कि उसके हवाई सुरक्षा सिस्टम ने ईरान की ओर से किए गए कई हवाई हमलों को रोक दिया।

एक बयान में बहरीन रक्षा बल ने ईरान पर आरोप लगाया कि वह मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए बहरीन के खिलाफ लगातार 'सुनियोजित आक्रामक रवैया' अपना रहा है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags