Samachar Nama
×

तेलंगाना: ईडी ने पूर्व बीआरएस विधायक के ठिकानों पर तलाशी ली

तेलंगाना: ईडी ने पूर्व बीआरएस विधायक के ठिकानों पर तलाशी ली
तेलंगाना: ईडी ने पूर्व बीआरएस विधायक के ठिकानों पर तलाशी ली

हैदराबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को तेलंगाना के निर्मल जिले में पूर्व बीआरएस विधायक अजमीरा रेखा नाइक के ठिकानों पर तलाशी ली। यह कार्रवाई धान के कथित डायवर्जन (हेराफेरी) की जांच के सिलसिले में की गई है।

ईडी के अधिकारियों ने उनके आवास सहित दो जगहों पर एक साथ तलाशी ली। केंद्रीय एजेंसी, 'कस्टम मिल्ड राइस' समझौतों के तहत उनकी राइस मिल को आवंटित सरकारी धान को कथित तौर पर दूसरी जगह भेजने के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।

खानापुर निर्वाचन क्षेत्र की पूर्व विधायक के खिलाफ अगस्त में जगित्याल और खानापुर में कथित अनियमितताओं को लेकर मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने खानापुर मंडल के सत्तेनपल्ली में स्थित 'एआरएस इंडस्ट्रीज' की मालकिन रेखा नाइक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। यह कार्रवाई तब हुई जब सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारियों को पता चला कि सीएमआर समझौतों के तहत मिल को आवंटित सरकारी धान में 9,639.962 टन की कमी है।

न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के हिसाब से इस कमी की कीमत 40.96 करोड़ रुपए है।

सिविल सप्लाई अधिकारियों की शिकायत के अनुसार, 'एआरएस इंडस्ट्रीज' का सरकार के साथ रबी सीजन 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए समझौता था। मिल परिसर और रिकॉर्ड की जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि सरकार को सीएमआर की तय मात्रा नहीं पहुंचाई गई थी, और न ही मिल या उसके गोदामों में उतना धान या चावल मौजूद था।

रबी सीजन 2022-23 के लिए मिल को 6,821.640 टन धान आवंटित किया गया था, जिसके बदले में उन्हें 4,638.715 टन सीएमआर सरकार को देना था। लेकिन, इसमें से केवल 831.071 टन ही पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि 5,482.96 टन धान का कोई हिसाब नहीं मिल सका, जो वहां मौजूद होना चाहिए था।

रबी सीजन 2023-24 में, मिल को 7,430.840 टन धान मिला था और उन्हें 5,052.971 टन सीएमआर सरकार को देना था। इसमें से 3,205.269 टन ही पहुंचाया गया, जिससे 2,717.209 टन धान का हिसाब मिलना अभी बाकी है। रबी 2024-25 के लिए, मिल को 2,413.640 टन धान आवंटित किया गया था और उसे 1,641.275 टन सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की आपूर्ति करनी थी। इसमें से केवल 343.200 टन की ही आपूर्ति की गई थी। अधिकारियों को मिल परिसर में 469.117 टन धान मिला, जबकि वहां कोई चावल मौजूद नहीं था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 316(2), 316(5) और 318(4) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है।

रेखा नाइक 2014 और 2018 में बीआरएस के टिकट पर खानापुर से विधायक चुनी गई थीं। 2023 के चुनावों में बीआरएस द्वारा टिकट न दिए जाने के बाद, वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं।

उनके पति श्याम नाइक ने भी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के लिए परिवहन विभाग में मोटर वाहन निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्ति ले ली। उन्होंने 2023 में आसिफाबाद निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story