Samachar Nama
×

1851 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की छापेमारी, असम और मेघालय में 6 ठिकानों पर कार्रवाई

1851 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की छापेमारी, असम और मेघालय में 6 ठिकानों पर कार्रवाई
1851 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की छापेमारी, असम और मेघालय में 6 ठिकानों पर कार्रवाई

गुवाहाटी, 28 नवंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुटखा, पान मसाला और जर्दा के अवैध कारोबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में असम और मेघालय के छह ठिकानों पर छापेमारी की है। यह जांच कारोबारी उदय चौरसिया, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों से जुड़े मामले में की जा रही है।

ईडी के मुताबिक, गुवाहाटी जोनल ऑफिस-I ने 26 नवंबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत गुवाहाटी, असम के कामरूप जिले के पलासबाड़ी और मेघालय की राजधानी शिलांग में तलाशी अभियान चलाया।

यह जांच असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। एफआईआर में उदय चौरसिया और अन्य लोगों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एफआईआर के अनुसार, दिल्ली से गुवाहाटी तक बड़ी मात्रा में गुटखा, पान मसाला और जर्दा ट्रेन के जरिए भेजा गया था। आरोप है कि सामान को कपड़े (टेक्सटाइल) बताकर फर्जी दस्तावेज के सहारे परिवहन किया गया। इस मामले में कामरूप जिले के अज़ारा रेलवे स्टेशन पर रेलवे के दो वैगनों से 341 पैकेट जब्त किए गए थे।

ईडी की जांच में सामने आया है कि इस कथित कारोबार से बड़ी मात्रा में नकद कमाई हुई। एजेंसी के अनुसार, वित्त वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच चौरसिया परिवार से जुड़े परिवारजनों और कंपनियों के बैंक खातों में लगभग 1,851 करोड़ रुपए जमा किए गए।

जांच एजेंसी ने यह भी पाया कि चौरसिया की कंपनियों से होने वाली करीब 15 से 20 प्रतिशत खरीदारी बिना बिल के की जाती थी और उसका भुगतान नकद में होता था। यह लेनदेन आधिकारिक खातों में दर्ज नहीं किया जाता था।

ईडी के अनुसार, वर्ष 2023 में रेलवे मार्ग के जरिए माल भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद मई 2024 में पलासबाड़ी में पान मसाला और जर्दा बनाने वाली दो इकाइयां शुरू की गईं। इन इकाइयों को नाममात्र के साझेदारों के नाम पर स्थापित किया गया था।

जांच में पता चला कि इन दोनों इकाइयों को दो वर्षों के भीतर चौरसिया की कंपनियों से लगभग 977 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। एजेंसी ने यह भी दावा किया कि जर्दा और तंबाकू निर्माण इकाई बिना एफएसएसएआई लाइसेंस के संचालित की जा रही थी।

तलाशी अभियान के दौरान ईडी ने कई अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, वित्तीय रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, मोबाइल फोन, उत्पादों के नमूना पाउच और करीब 42 लाख रुपए की बेहिसाबी नकदी जब्त की है। एजेंसी ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags