Samachar Nama
×

कर्नाटक सरकार पर वित्तीय संकट का आरोप, भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने साधा निशाना

कर्नाटक सरकार पर वित्तीय संकट का आरोप, भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने साधा निशाना
कर्नाटक सरकार पर वित्तीय संकट का आरोप, भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने साधा निशाना

बेंगलुरु, 24 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र ने गुरुवार को आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस सरकार गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर कर्नाटक की आर्थिक स्थिति के बारे में लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।

विजयेंद्र ने विधान सौधा में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति बताने वाला वित्त विभाग का हालिया पत्र कोई सामान्य प्रशासनिक सूचना नहीं थी बल्कि सरकार की बिगड़ती वित्तीय हालत की झलक थी।

उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक ने कभी इतनी मुश्किल वित्तीय स्थिति नहीं देखी थी और आरोप लगाया कि सरकार वेतन देने, पेंशन जारी करने और अपनी बढ़ती वित्तीय जिम्मेदारियों को पूरा करने में संघर्ष कर रही है।

उनके अनुसार, अलग-अलग विभागों में बकाया पेमेंट और कई स्कीमों के तहत बढ़ती देनदारियों से प्रशासनिक और वित्तीय कुप्रबंधन का पता चलता है।

विजयेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की मुख्य गारंटी स्कीमों ने राज्य के खजाने पर भारी बोझ डाला है, जिससे विकास कार्यों, किसानों और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए उपलब्ध फंड पर असर पड़ा है।

उन्होंने कांग्रेस-शासित अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई मुख्यमंत्रियों ने कल्याणकारी गारंटी से पैदा हुए वित्तीय दबाव को स्वीकार किया है। उन्होंने वित्तीय तंगी के बीच हिमाचल प्रदेश में मंदिर की हुंडी के फंड के इस्तेमाल पर हुई चर्चाओं का जिक्र किया और राज्य के वित्तीय तनाव के सबूत के तौर पर कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से 'शक्ति' स्कीम के तहत बकाया फंड जारी करने की अपील का हवाला दिया।

विजयेंद्र ने सरकार की विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कनकपुरा में प्रस्तावित एयरपोर्ट और टनल रोड जैसे प्रोजेक्ट्स की आलोचना की और कहा कि किसानों की चिंताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, "कनकपुरा के विकास के लिए पैसे की जरूरत है लेकिन कर्नाटक के किसानों की जिंदगी के लिए भी पैसे की जरूरत है।"

भाजपा नेता ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह केंद्र से आर्थिक मदद का इंतजार करने के बजाय फसल के नुकसान के मुआवजे, सूखे से राहत, कर्ज में डूबे किसानों की मदद और पशुधन की सुरक्षा पर ध्यान दे।

उन्होंने सूखे, किसानों की आत्महत्या, आर्थिक तंगी और बकाया भुगतान पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने के सरकार के फैसले की भी आलोचना की और कहा कि तुरंत कार्रवाई की जरूरत है।

विजयेंद्र ने पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान केंद्रीय मदद का इंतजार किए बिना राहत के उपाय तुरंत लागू किए जाते थे और उन्होंने मौजूदा सरकार से भी ऐसा ही तरीका अपनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि अपर भद्रा प्रोजेक्ट में पिछली भाजपा सरकार के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और किसानों तक पानी पहुंचाने के लिए रुके हुए कामों को तेजी से पूरा करने की बात कही।

--आईएएनएस

एएसएच/पीएम

Share this story