अफ्रीका में इबोला के 11,000 से ज्यादा मामले, छह महीने बाद भी बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा
अदीस अबाबा, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अफ्रीका में बुंडीबुग्यो इबोला प्रकोप शुरू हुए छह महीने पूरे हो गए हैं, लेकिन बीमारी अभी भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (अफ्रीका सीडीसी) के अनुसार, इबोला के पुष्टि किए गए मामलों की संख्या 11,000 के पार पहुंच गई है, जबकि मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
एक ऑनलाइन मीडिया ब्रीफिंग में अफ्रीका सीडीसी ने कहा कि यह इबोला प्रकोप अफ्रीका की स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी परीक्षा बन गया है। संस्था ने चेतावनी दी कि कई तरह की चुनौतियां और कमियां अभी भी बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के प्रयासों में बाधा बन रही हैं।
अफ्रीका सीडीसी के अधिकारी वेसम मैनकोउला ने कहा, "इस प्रकोप की शुरुआत के छह महीने पूरे होने पर हम कुछ प्रगति जरूर देख रहे हैं, लेकिन बीते छह महीनों ने यह भी दिखाया है कि हमारे सामने अभी कई चुनौतियां मौजूद हैं। इनमें से अधिकांश चुनौतियां इस प्रकोप के केंद्र, यानी कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी), में हैं।"
अफ्रीका सीडीसी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कई देशों में फैले इस प्रकोप में अब तक 11,145 पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 5,437 लोगों की मौत हो चुकी है, जो कुल मामलों का करीब 48.8 प्रतिशत है। वहीं, 3,058 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, कांगो में राहत और रोकथाम के काम में आ रही परेशानियों का जिक्र करते हुए मैनकोउला ने कहा कि समुदाय स्तर पर संक्रमण और मौतों की संख्या बढ़ रही है। इसके अलावा असुरक्षा की स्थिति और स्वास्थ्यकर्मियों में संक्रमण तथा मौतें भी चिंता का बड़ा कारण हैं।
उन्होंने बताया कि नए मामलों में सिर्फ लगभग 11 प्रतिशत लोगों का संबंध पहले से पहचान किए गए संक्रमित व्यक्तियों से जुड़ पा रहा है, जबकि सामान्य लक्ष्य 95 प्रतिशत होता है। इसका मतलब है कि संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों की पहचान और उनकी निगरानी में बड़ी कमी है। सुरक्षा संबंधी समस्याओं के कारण यह काम और भी मुश्किल हो रहा है।
अफ्रीका सीडीसी ने यह भी चेतावनी दी कि इबोला का प्रकोप कांगो की स्वास्थ्य व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डाल रहा है, जो पहले से ही संघर्ष, विस्थापन और अन्य स्वास्थ्य आपात स्थितियों की वजह से बोझ झेल रही है।
हालांकि चुनौतियों के बावजूद मैनकोउला ने इबोला से लड़ाई में कुछ सकारात्मक प्रगति की भी सराहना की। उन्होंने केन्या और नाइजीरिया में बीमारी को नियंत्रित करने के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा की। केन्या ने 6 अक्टूबर को पहला आयातित इबोला मामला दर्ज किया था। इसके बाद वहां कुल नौ पुष्ट मामले और दो मौतें सामने आईं। 19 अक्टूबर के बाद से देश में कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
बुधवार को केन्या के स्वास्थ्य अधिकारियों ने घोषणा की कि देश के आखिरी इबोला मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। साथ ही, अंतिम 11 संपर्कों ने भी 21 दिन की अनिवार्य निगरानी अवधि स्वस्थ रहते हुए पूरी कर ली है।
नाइजीरिया के बारे में बोलते हुए मैनकोउला ने कहा कि वहां चिह्नित किए गए 62 संपर्कों में से 59 लोगों की निगरानी पूरी हो चुकी है और उन्हें मुक्त कर दिया गया है। बाकी तीन लोग अभी निगरानी अवधि में हैं।
इबोला से प्रभावित चार अफ्रीकी देशों के अलावा महाद्वीप के 10 अन्य देशों को भी उच्च जोखिम वाले देशों की सूची में रखा गया है। इनमें दक्षिण सूडान, रवांडा, जाम्बिया, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, तंजानिया, इथियोपिया, अंगोला, कांगो गणराज्य, बुरुंडी और सोमालिया शामिल हैं।
अफ्रीका सीडीसी ने 18 मई को बुंडीबुग्यो इबोला प्रकोप को महाद्वीपीय सुरक्षा से जुड़ा सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था। इससे एक दिन पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी इस स्थिति को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

