Samachar Nama
×

दोहा में जयशंकर की कतर के पीएम से मुलाकात, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर हुई चर्चा

दोहा में जयशंकर की कतर के पीएम से मुलाकात, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर हुई चर्चा
दोहा में जयशंकर की कतर के पीएम से मुलाकात, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर हुई चर्चा

दोहा, 5 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को दोहा में कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और कतर के बीच सहयोग के अलग-अलग क्षेत्रों पर चर्चा की और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के नए अवसरों पर बात की।

जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, "आज दोहा में कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मिलकर खुशी हुई। मैंने भारत के लोगों की सुरक्षा और उनके अच्छे हाल-चाल का ध्यान रखने के लिए उनका धन्यवाद किया। हमने ऊर्जा, व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और लोगों के आपसी संबंधों समेत हमारे द्विपक्षीय सहयोग के कई पहलुओं की समीक्षा की। साथ ही रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के नए अवसरों पर भी चर्चा की। उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और उसके असर को लेकर अपने विचार भी साझा किए, जिसके लिए मैं उनका आभारी हूं।"

विदेश मंत्रालय (एमईए) के मुताबिक, जयशंकर पांच जुलाई से दस जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य इन चारों देशों के साथ भारत के रिश्तों को और मजबूत करना, क्षेत्रीय हालात पर चर्चा करना और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करना है।

पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का फोन करने और कतर के रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए हादसे को लेकर बात की थी।

वहीं, कतर विदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, ''प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी और भारत के विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने मुलाकात के दौरान द्विपक्षीय संबंधों और उन्हें मजबूत करने और विकसित करने के तरीकों पर चर्चा की, खासकर आर्थिक क्षेत्र में।

विदेश मंत्रालय ने बताया क‍ि इस दौरान दोनों के बीच क्षेत्रीय घटनाक्रमों और वैश्विक अर्थव्यवस्था व ऊर्जा बाजारों पर उनके असर के साथ-साथ आपसी हित के कई अन्य मुद्दों पर भी बातचीत की।

दोनों पक्षों ने बातचीत और कूटनीतिक तरीकों से विवादों और टकरावों को सुलझाने के महत्व पर जोर दिया, जिससे क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने में मदद मिलती है। वे दोनों देशों के बीच संयुक्त कार्य तंत्र और द्विपक्षीय समितियों को सक्रिय करके कतर और भारत के लिए कई प्राथमिकता वाले मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए सहमत हुए।

भारत और कतर के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध हैं, जिनकी नींव पुराने व्यापारिक रिश्तों और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संपर्क पर टिकी है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 1973 में स्थापित हुए थे और 2023 में इन संबंधों के 50 साल पूरे होने का जश्न मनाया गया।

भारतीय दूतावास के मुताबिक, दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, निवेश और कई अन्य क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों सरकारों के शीर्ष स्तर पर नियमित बातचीत और मुलाकातों के जरिए यह साझेदारी और मजबूत हुई है। 2025 में कतर के अमीर की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags