Samachar Nama
×

टोक्यो में पूर्व जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मिले एस. जयशंकर, रणनीतिक और आर्थिक सुरक्षा सहयोग पर हुई चर्चा

टोक्यो में पूर्व जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मिले एस. जयशंकर, रणनीतिक और आर्थिक सुरक्षा सहयोग पर हुई चर्चा
टोक्यो में पूर्व जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मिले एस. जयशंकर, रणनीतिक और आर्थिक सुरक्षा सहयोग पर हुई चर्चा

टोक्यो, 18 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को टोक्यो में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-जापान के रणनीतिक हितों और आर्थिक सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। फुमियो किशिदा वर्तमान में जापान-इंडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। फुमियो किशिदा चार अक्टूबर 2021 से एक अक्टूबर 2024 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे थे। इस बैठक में जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद जयशंकर ने 'एक्स' पर लिखा, "टोक्यो में पूर्व प्रधानमंत्री और जापान-इंडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मिलकर खुशी हुई। हमने रणनीतिक सहयोग और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए उनके लगातार समर्थन की सराहना करता हूं।"

जयशंकर इस समय जापान की आधिकारिक यात्रा पर हैं, जहां वह 'भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की वार्ता' (2+2 डायलॉग) के चौथे संस्करण में हिस्सा ले रहे हैं।

टोक्यो में होने वाली इस 2+2 मंत्रीस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से विदेश मंत्री जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। वहीं, जापान की ओर से रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी इसमें शामिल होंगे।

इस बैठक में दोनों देश रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श करेंगे और एक स्वतंत्र, खुला, सभी को साथ लेकर चलने वाला तथा नियमों पर आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराएंगे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अगस्त में नई दिल्ली और अक्टूबर में सेबू में 'आसियान रक्षा मंत्री बैठक-प्लस' के दौरान हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाते हुए राजनाथ सिंह और कोइजुमी रक्षा उपकरणों और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर बात करेंगे।

इसके अलावा समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यासों के दायरे और जटिलता को बढ़ाने तथा रक्षा उद्योग से जुड़े साझेदारी कार्यक्रमों को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी भरोसे और समान रणनीतिक हितों पर आधारित है। यह यात्रा दोनों देशों के रक्षा संबंधों को और मजबूत करने तथा भविष्य के सहयोग की नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags