Samachar Nama
×

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, धूल भरी आंधी और बारिश का कहर; रेड अलर्ट जारी

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूल भरी आंधी और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, धूल भरी आंधी और बारिश का कहर; रेड अलर्ट जारी

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूल भरी आंधी और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया।

आईएमडी के अनुसार, खराब मौसम की स्थिति कम से कम तीन घंटे तक बनी रह सकती है। कुछ इलाकों में हवाओं की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की बारिश की भी संभावना व्यक्त की है।

दोपहर करीब 2:30 बजे मौसम विभाग ने दिल्ली समेत हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों के लिए तत्काल चेतावनी जारी की। इसके तुरंत बाद राजधानी में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं। धूल के घने गुबार ने सड़कों, खुले स्थानों और रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इस मौसम परिवर्तन ने लोगों को अस्थायी राहत पहुंचाई।

मौसम विभाग ने बताया कि धूल भरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। नमी से भरी हवाओं और अस्थिर वातावरण के मेल से यह स्थिति बनी है। बारिश से वातावरण में फैली धूल बैठने और तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।

रेड अलर्ट केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। हरियाणा के सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में भी खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के बागपत, खेकड़ा, पिलखुआ और सिकंदराबाद क्षेत्रों को भी अलर्ट पर रखा गया है। राजस्थान के अलवर, भिवाड़ी, तिजारा और डीग में भी मौसम के प्रभाव की आशंका जताई गई है।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर में दोपहर के दौरान 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ धूल भरी आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों ने दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश की भी संभावना जताई है। हालांकि, शाम तक मौसम में धीरे-धीरे सुधार आने और शुष्क परिस्थितियां लौटने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags