डीआरआई नागपुर ने ट्रेन में महिला से 1.312 किलो एम्फेटामाइन किया जब्त, खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई
नागपुर, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के मुंबई जोन की नागपुर क्षेत्रीय इकाई ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 1.312 किलोग्राम एम्फेटामाइन जब्त किया है। बाजार में इसकी कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपए बताई गई है।
विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने 27 सितंबर को नागपुर रेलवे स्टेशन पर हजरत निजामुद्दीन-केएसआर बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22692) में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को रोका। अधिकारियों को शक था कि महिला अपने सामान में नशीला पदार्थ लेकर जा रही है।
अधिकारी नागपुर में ट्रेन में सवार हुए और महिला के सामान की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान सूटकेस के अंदर कपड़े की परत के पीछे बनाया गया एक छिपा हुआ हिस्सा मिला। हार्ड कार्डबोर्ड से बने इस हिस्से में नीले रंग के कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाए गए दो पैकेट रखे हुए थे।
बरामद पदार्थ की फील्ड ड्रग टेस्टिंग किट से जांच की गई, जिसमें एम्फेटामाइन की मौजूदगी का संकेत मिला।
दोनों पैकेटों में कुल 1.312 किलोग्राम एम्फेटामाइन था, जिसकी अवैध बाजार में कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपए बताई गई। इसके बाद नशीले पदार्थ को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया।
महिला यात्री को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया और 27 सितंबर को नागपुर की हॉलिडे कोर्ट में पेश किया गया।
डीआरआई ने कहा कि राज्यों की सीमाओं के पार सक्रिय संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ उसकी लगातार कार्रवाई नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने और केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत' के लक्ष्य में योगदान देने की उसकी प्रतिबद्धता को दिखाती है।
एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई ने 30 सितंबर को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री से 4.9 किलोग्राम कोकीन जब्त की। इसकी कीमत करीब 24.5 करोड़ रुपए बताई गई है।
यह कोकीन यात्री के सामान में रखे चॉकलेट ट्यूबों के अंदर छिपाई गई थी। यात्री कतर से आया था।
सामान की स्क्रीनिंग के दौरान अधिकारियों को चॉकलेट ट्यूबों का वजन असामान्य लगा। इसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने उनकी बारीकी से जांच की, जिसमें कोकीन की खेप बरामद हुई।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

