Samachar Nama
×

डीएमके यूथ विंग 47वें साल में पहुंची, उदयनिधि ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

डीएमके यूथ विंग 47वें साल में पहुंची, उदयनिधि ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
डीएमके यूथ विंग 47वें साल में पहुंची, उदयनिधि ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

चेन्नई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। डीएमके की यूथ विंग ने सोमवार को अपने गठन के 47 साल पूरे कर लिए। यह पार्टी के सबसे प्रभावशाली संगठनात्मक इकाइयों में से एक है और उसके इतिहास का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।

इस मौके पर यूथ विंग के सचिव और तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से राजनीति और जनता के बीच काम करने के नए दौर के लिए तैयार रहने की अपील की।

एक्स पर किए गए एक पोस्ट में उदयनिधि स्टालिन ने यूथ विंग के सफर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह संगठन एक छोटे से आंदोलन से आगे बढ़कर डीएमके के सबसे मजबूत संगठनों में से एक बन गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा और कल्याणकारी योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।

उदयनिधि स्टालिन ने अपनी पोस्ट में कहा, "पार्टी के मुश्किल दौर में एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में मीसा बैच ने डीएमके के यूथ विंग की शुरुआत की थी। आज यह संगठन अपने 47वें साल में प्रवेश कर रहा है। आइए, समय की जरूरतों के मुताबिक जनहित और विचारधारा से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए यूथ विंग की नई पारी की शुरुआत करें।"

इसके साथ ही उन्होंने एक यादगार वीडियो भी साझा किया, जिसमें यूथ विंग के गठन से लेकर पिछले कई दशकों के उसके सफर और उपलब्धियों को दिखाया गया है।

20 जुलाई 1980 को मदुरै में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डीएमके की यूथ विंग को आधिकारिक तौर पर पार्टी की संबद्ध इकाई के रूप में मान्यता दी गई।

एम.के. स्टालिन को यूथ विंग का पहला राज्य संयोजक बनाया गया। उन्होंने 1980 से 2017 तक करीब 37 साल तक संगठन का नेतृत्व किया।

उनके नेतृत्व में यूथ विंग का तेजी से विस्तार हुआ और यह पार्टी के सबसे सक्रिय और मजबूत संगठनात्मक इकाइयों में से एक बन गई। इसके बाद 4 जुलाई 2019 को उदयनिधि स्टालिन ने यूथ विंग के राज्य सचिव का पद संभाला।

पद संभालने के बाद से उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनहित से जुड़े कई काम किए हैं। इनमें बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान, युवाओं को संगठन से जोड़ना, जलाशयों की सफाई, पर्यावरण संरक्षण अभियान और कई सामुदायिक सेवा कार्यक्रम शामिल हैं।

यूथ विंग ने स्थानीय स्तर पर युवा समितियां बनाईं घर-घर जाकर लोगों से संपर्क अभियान चलाया और पूरे तमिलनाडु में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी के जमीनी संगठन को मजबूत किया।

पार्टी नेताओं का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य डीएमके के संगठन को और मजबूत करना है। साथ ही, पार्टी की नीतियों, योजनाओं और कल्याणकारी वादों को राज्य के हर हिस्से में लोगों तक पहुंचाना भी इसका मकसद है।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम

Share this story