Samachar Nama
×

दीया मिर्जा के वीडियो पर बीएमसी मेयर का हमला, बोलीं- हमें दिवाली मनाना सिखाने की जरूरत नहीं

दीया मिर्जा के वीडियो पर बीएमसी मेयर का हमला, बोलीं- हमें दिवाली मनाना सिखाने की जरूरत नहीं
दीया मिर्जा के वीडियो पर बीएमसी मेयर का हमला, बोलीं- हमें दिवाली मनाना सिखाने की जरूरत नहीं

मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की महापौर ऋतु तावड़े ने सोमवार को बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा के प्रदूषण-मुक्त दिवाली से जुड़े वीडियो की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उनका विरोध लगातार हिंदुत्व और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ रहा है।

तावड़े ने कहा कि हिंदुओं को दिवाली कैसे मनाई जाए, यह सिखाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अभिनेत्री पर चुनिंदा मुद्दों को लेकर एजेंडा चलाने का आरोप भी लगाया।

पत्रकारों से बातचीत में बीएमसी महापौर ने कहा, "अगर हम दीया मिर्जा की पूरी प्रोफाइल देखें तो पता चलता है कि उन्होंने नर्मदा परियोजना और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध किया है। उन्होंने उन पर्यावरणीय मुद्दों पर भी विरोध जताया, जिन पर हम काम कर रहे थे और प्रधानमंत्री मोदी के बयानों का भी विरोध किया। हमने लगातार देखा है कि उनका विरोध हिंदुत्व और उसके लिए काम करने वालों के खिलाफ रहा है। दूसरी बात, हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि हिंदुओं को दिवाली कैसे मनानी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "हमें अपनी दिवाली मनाना आता है। वह अपना अलग और चुनिंदा एजेंडा चला रही हैं। उनका समग्र रुख अब बहुत स्पष्ट होता जा रहा है। इससे पता चलता है कि वह हिंदुत्व के खिलाफ हैं। इसी कारण हमने उनके वीडियो का कड़ा विरोध किया है। हमें उनसे यह सीखने की जरूरत नहीं है कि हिंदू होने के नाते हमें दिवाली कैसे मनानी चाहिए।"

तावड़े ने यह भी सवाल उठाया कि प्रदूषण-मुक्त दिवाली जागरूकता अभियान के लिए चुनी गई हस्तियों की पूरी सूची उन्हें महापौर होने के नाते क्यों नहीं दिखाई गई।

उन्होंने कहा, "यह सही है कि माननीय हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि प्रमुख कलाकार और सेलिब्रिटी लोगों को पटाखों के बिना दिवाली मनाने का संदेश दें क्योंकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी बढ़ रहा है। हालांकि जब इस अभियान के लिए कलाकारों का चयन किया गया तो उनकी पूरी सूची मुझे महापौर के रूप में दिखाई जानी चाहिए थी। प्रशासन ने मुझे यह सूची देना जरूरी नहीं समझा।"

महापौर ने आगे कहा कि प्रशासन को यह समझना चाहिए कि अब निर्वाचित पार्षद और महापौर अपना कार्यभार संभाल चुके हैं और हर महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी उन्हें दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, "महापौर को हर निर्णय की जानकारी दी जानी चाहिए, उसे उनके संज्ञान में लाया जाना चाहिए, उनकी स्वीकृति ली जानी चाहिए और उसके बाद ही उसे लागू किया जाना चाहिए।"

इस बीच, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम द्वारा दीया मिर्जा को अभियान में शामिल किए जाने पर आपत्ति जताए जाने के बाद बीएमसी ने प्रदूषण-मुक्त दिवाली अभियान से जुड़ा उनका वीडियो हटा दिया है। इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है।

दूसरी ओर, फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' की अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अपने बयान में कहा कि दिवाली अच्छाई की बुराई पर जीत का पर्व है और इसे स्वस्थ तथा जिम्मेदार तरीके से मनाया जाना चाहिए।

दीया मिर्जा ने कहा, "दिवाली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञानता पर ज्ञान और निराशा पर आशा की जीत का उत्सव है। यह वीडियो जन जागरुकता के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था, ताकि लोग अधिक स्वस्थ और जिम्मेदार तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित हों। वायु प्रदूषण जनस्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है और इसे कम करने की दिशा में उठाया गया हर कदम सभी के लिए बेहतर पर्यावरण की ओर एक प्रयास है।"

--आईएएनएस

एएमटी/पीएम

Share this story