Samachar Nama
×

'लॉक अप: सच या सजा' में धीरज धूपर पर लगा नियम तोड़ने का आरोप, रितेश देशमुख ने दी आखिरी चेतावनी

'लॉक अप: सच या सजा' में धीरज धूपर पर लगा नियम तोड़ने का आरोप, रितेश देशमुख ने दी आखिरी चेतावनी
'लॉक अप: सच या सजा' में धीरज धूपर पर लगा नियम तोड़ने का आरोप, रितेश देशमुख ने दी आखिरी चेतावनी

मुंबई, 21 जुलाई (आईएएनएस)। रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' के लोकप्रिय कंटेस्टेंट और अभिनेता धीरज धूपर उस वक्त चर्चा में आ गए, जब होस्ट रितेश देशमुख ने उनके परिवार पर शो के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। रितेश ने खुलासा किया कि धीरज के परिवार की ओर से कथित तौर पर शो के अंदर गेम से जुड़ी स्ट्रैटेजी वाली चिट भेजने की कोशिश की गई थी। उन्होंने इसे शो के नियमों के खिलाफ बताया और धीरज को सख्त चेतावनी भी दी।

हालिया एपिसोड में रितेश देशमुख ने इस मामले को लेकर धीरज धूपर से सीधे सवाल किए। उन्होंने बताया कि शो के मेकर्स को कई बार इस बात की जानकारी मिली कि धीरज के परिवार की तरफ से हाथ से लिखे हुए छोटे नोट्स भेजने की कोशिश की जा रही थी। इन नोट्स में गेम को बेहतर तरीके से खेलने और जीतने की रणनीतियों से जुड़ी बातें लिखी हुई थीं। रितेश ने साफ किया कि 'लॉक अप: सच या सजा' जैसे रियलिटी शो में हर प्रतियोगी को अपना खेल खुद खेलना होता है और बाहर से किसी भी तरह की मदद लेना नियमों के खिलाफ है।

धीरज से बात करते हुए रितेश ने कहा, "हम किसी भी परिवार के सदस्य को कंटेस्टेंट्स से मिलने की अनुमति नहीं देते। हालांकि, मानवीय आधार पर हमने आपके बेटे को आपसे मिलने की इजाजत दी थी। उस दिन भी आपके परिवार की तरफ से शो के अंदर चिट पहुंचाने की कोशिश की गई थी। हमने उस समय इस बात को ज्यादा तूल नहीं दिया और जाने दिया। लेकिन एक बार फिर आपके सामान के साथ आपके परिवार ने जीतने की स्ट्रैटेजी वाली चिट भेजने की कोशिश की।"

रितेश ने धीरज को समझाते हुए कहा, "शो में सभी कंटेस्टेंट्स को अपनी समझ, सोच और क्षमता के आधार पर गेम खुद खेलना होता है। किसी भी तरह की बाहरी मदद शो की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है। यह आपको आखिरी चेतावनी है, अगर भविष्य में इस तरह की कोई गलती दोहराई गई तो आपके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद धीरज धूपर काफी शर्मिंदा नजर आए। उन्होंने रितेश देशमुख से माफी मांगी और कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कभी भी अपने परिवार से बाहर से मदद मांगने के लिए नहीं कहा और वह खुद अपने दम पर गेम खेलना चाहते हैं।

धीरज ने कैमरे के जरिए अपने परिवार से भी इस तरह की कोशिश दोबारा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह अपना खेल खुद खेलने में सक्षम हैं और उन्हें किसी भी बाहरी मदद की जरूरत नहीं है।

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Share this story