हिमाचल प्रदेश की पहली ‘ग्रीन पंचायत' धारेच में सोलर प्रोजेक्ट का उद्घाटन
शिमला, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला जिले के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में स्थित धारेच ग्राम पंचायत में 500-केडब्ल्यू के सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि यह सतत विकास की दिशा में सरकार द्वारा उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि के साथ धारेच हिमाचल प्रदेश की पहली 'ग्रीन पंचायत' बन गई है।
लगभग 1.94 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से निर्मित यह प्रोजेक्ट जनवरी 2025 में शुरू हुआ था और 30 मार्च 2026 को इसे सफलतापूर्वक बिजली ग्रिड से जोड़ दिया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिदिन लगभग 3,000 यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन कर रहा है, जिसका अनुमानित वार्षिक उत्पादन लगभग आठ लाख यूनिट है।
समझौते के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड इस बिजली को 3.50 रुपए प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा। इससे ग्राम पंचायत को लगभग 28 लाख रुपए की स्थिर वार्षिक आय होने की उम्मीद है, जिससे उसकी वित्तीय स्थिरता को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह पहल एक समावेशी और कल्याण-उन्मुख मॉडल है, जो ग्रामीण आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करेगा। इस प्रोजेक्ट से होने वाली आय का वितरण संतुलित तरीके से किया जाएगा, जिसमें 30 प्रतिशत राशि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के लिए, 20 प्रतिशत अनाथों और विधवाओं के कल्याण के लिए, 20 प्रतिशत राज्य सरकार को, 10 प्रतिशत हिमुर्जा को और शेष 20 प्रतिशत राशि हिमुर्जा के संचालन और रखरखाव के लिए आवंटित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की अनुमानित जीवन अवधि वाला यह प्रोजेक्ट, राज्य में सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा और ग्रामीण सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इससे स्थानीय लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

