डेनमार्क ने यूएनएससी में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन दोहराया
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में शनिवार को आयोजित भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की 5वीं बैठक में डेनमार्क ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधार के बाद भारत को स्थायी सदस्य बनाने के अपने समर्थन को फिर से दोहराया। साथ ही, उसने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जल्द हस्ताक्षर किए जाने का भी समर्थन किया।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन ने इस बैठक की संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। बैठक में 'भारत-डेनमार्क ग्रीन स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप' के तहत दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग की व्यापक समीक्षा की गई।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने 2027-31 के लिए संयुक्त कार्य योजना को मंजूरी दी, जो आने वाले वर्षों में दोनों देशों के सहयोग को नई दिशा देगी। दोनों पक्षों ने भविष्य में प्रधानमंत्री स्तर पर 'कॉम्प्रिहेंसिव ग्रीन स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप' की औपचारिक घोषणा की उम्मीद भी जताई।
बैठक के बाद जारी बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों मंत्रियों की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। इनमें कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग के लिए नवीनीकृत समझौता (एमओयू), भारत और डेनमार्क के संस्कृति मंत्रालयों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का नवीनीकरण और इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (आईएफएससीए) तथा डेनिश फाइनेंशियल सुपरवाइजरी अथॉरिटी के बीच समझौता शामिल हैं।
दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। जून 2026 में आयोजित पहले 'समुद्री सुरक्षा संवाद' का स्वागत करते हुए दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग और आतंकवाद-रोधी सहयोग पर बातचीत को और मजबूत करने की बात कही।
बैठक में द्विपक्षीय 'संयुक्त कार्य समूहों' की प्रगति की समीक्षा भी की गई। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ तकनीक, जल प्रबंधन, समुद्री मामलों, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, अनुसंधान एवं नवाचार तथा लोगों की आवाजाही (मोबिलिटी) जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
भारत और डेनमार्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा जैसी उभरती तकनीकों में सहयोग को और गहरा करने पर भी सहमति जताई। साथ ही अंतरिक्ष और आर्कटिक क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशने का फैसला किया गया। दोनों देशों ने तकनीक और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद शुरू करने पर भी सहमति बनाई।
दोनों मंत्रियों ने माना कि शाही परिवार, प्रधानमंत्री और मंत्री स्तर पर नियमित उच्चस्तरीय यात्राओं और मुलाकातों ने दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत दिशा दी है। व्यापार और निवेश को लेकर हुई चर्चा में डेनमार्क ने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जल्द हस्ताक्षर किए जाने का समर्थन दोहराया। मंत्रियों ने 2024 में हुए माइग्रेशन एंड मोबिलिटी पार्टनरशिप एग्रीमेंट की प्रगति की भी समीक्षा की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने केरल सरकार और डेनमार्क के वरिष्ठ नागरिक मंत्रालय के बीच स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती से जुड़े साझेदारी कार्यक्रम को लागू करने की दिशा में उठाए गए कदमों का भी स्वागत किया। बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने और प्रधानमंत्रियों की अगली बैठक की तैयारी के लिए साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
दोनों देशों ने यह भी तय किया कि अगली संयुक्त आयोग बैठक कोपेनहेगन में आपसी सहमति से तय तारीख पर आयोजित की जाएगी। बाद में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि दोनों देशों ने ग्रीन स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप की समीक्षा की, जिसमें पानी, शिपिंग और नवीकरणीय ऊर्जा पर खास फोकस रहा।
उन्होंने लिखा, "डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन के साथ एक उपयोगी संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता की। हमने भारत-डेनमार्क ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के तहत पानी, शिपिंग और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की।"
एस.जयशंकर ने बताया कि दोनों देशों ने खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास, लोगों के बीच संपर्क, संस्कृति, व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ध्रुवीय क्षेत्र, अंतरिक्ष, उद्योग और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा, "हमने क्षेत्रीय, बहुपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए और भारत-डेनमार्क संबंधों को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।"
--आईएएनएस
एवाई/वीसी

