दिल्ली पुलिस ने उस्मानपुर में मोबाइल लूट का केस सुलझाया, दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने न्यू उस्मानपुर इलाके में लूट के एक मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भजनपुरा पुलिस स्टेशन का एक घोषित 'बैड कैरेक्टर' (बीसी) भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित से लूटा गया मोबाइल -भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 8 अक्टूबर को हुई। दिल्ली के साउथ गमरी के रहने वाले 28 साल के टैक्सी ड्राइवर मान सिंह सुबह करीब 5 बजे 4.5 पुस्ता से 5वें पुस्ते के पार्किंग एरिया की ओर अपनी गाड़ी लेने जा रहे थे।
इस दौरान कचरे के ढेर के पास तीन लोगों ने उन्हें जबरन रोक लिया। उनमें से एक ने पीछे से मान सिंह को पकड़ा और गला दबाने की कोशिश की, जबकि दूसरे ने पेट पर चाकू जैसी कोई चीज सटा दी।
इसी बीच, तीसरे आरोपी ने उनकी पैंट की जेब से मोबाइल फोन और वॉलेट निकाल लिया, जिसमें 1,500 रुपए और ड्राइविंग लाइसेंस था। उन्होंने उनके कान से बाली भी छीन ली और फिर खजूरी चौक की ओर भाग गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीलमपुर एसीपी की देखरेख में पुलिस की एक टीम ने मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार करके मामले को सुलझाया।
टीम ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और स्थानीय जानकारी जुटाई, जिससे 9 अक्टूबर को दोनों आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की पहचान आरिफ (25 साल) और दिलशाद शेख (24 साल) के तौर पर हुई है। जांच पड़ताल में पता चला कि आरिफ भजनपुरा पुलिस स्टेशन का बैड कैरेक्टर (हिस्ट्रीशीटर) है और उस पर पहले से ही लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं। दिलशाद भी लूट के दो मामलों में शामिल रहा है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल की और अपने तीसरे साथी के बारे में जानकारी दी। 10 अक्टूबर को पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान आरिफ की निशानदेही पर पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल बरामद किया गया।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

